हरियाणा की स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री आरती सिंह राव ने घोषणा की है कि चरखी दादरी में निर्माणाधीन गर्वनमेंट मेडिकल कॉलेज का नाम महान स्वतंत्रता सेनानी राव तुलाराम के नाम पर रखा जाएगा। उन्होंने इस निर्णय के लिए केंद्र सरकार और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त किया। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह के लगातार प्रयासों से यह मांग पूरी हो सकी है। उन्होंने कहा कि राव तुलाराम ने देश की आजादी के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया था और उनके नाम पर मेडिकल कॉलेज का नामकरण नई पीढ़ी को उनके संघर्ष और बलिदान से परिचित कराएगा। 104.16 करोड़ रुपए के कार्य शुरू आरती सिंह राव ने बताया कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए करीब 104.16 करोड़ रुपए की लागत से विभिन्न विकास कार्य शुरू किए गए हैं। सरकार का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि लोगों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उनके निकट ही मिल सकें। 766 स्वास्थ्य संस्थानों के निर्माण को मंजूरी उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार ने 15वें वित्त आयोग के तहत प्रदेश में 766 स्वास्थ्य संस्थानों के निर्माण को मंजूरी दी है। इनमें 597 डिस्ट्रिक्ट हेल्थ सेंटर (DHC), 51 प्राइमरी हेल्थ सेंटरर्स (PHC), 7 कम्यूनिटी हेल्थ सेंटर (CHC) और 111 ब्लॉक पब्लिक हेल्थ सेंटरर्स शामिल हैं। इन परियोजनाओं के पूरा होने से स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच और क्षमता में उल्लेखनीय सुधार होगा तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होगा। सोनीपत अस्पताल में बनेगा रेस्ट हाउस स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि जिला नागरिक अस्पताल, सोनीपत में मरीजों के परिजनों की सुविधा के लिए 6 करोड़ 45 लाख रुपए की लागत से आधुनिक रेस्ट हाउस का निर्माण किया जाएगा। इससे दूर-दराज से आने वाले मरीजों और उनके साथ आने वाले लोगों को बेहतर ठहरने की सुविधा मिलेगी। 600 स्वास्थ्य संस्थानों में शुरू हुई टेली- ईसीजी सेवा हृदय रोगियों को समय पर जांच और विशेषज्ञ सलाह उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रदेश के 600 स्वास्थ्य संस्थानों में टेली-ईसीजी (Tele-ECG) सेवाएं शुरू कर दी गई हैं। इस व्यवस्था के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के मरीज भी अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर ईसीजी जांच करवाकर विशेषज्ञ डॉक्टरों की राय प्राप्त कर सकेंगे। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में राज्य सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र में बुनियादी ढांचे के विस्तार, आधुनिक तकनीक के उपयोग और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन योजनाओं से प्रदेश के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा और हरियाणा का स्वास्थ्य तंत्र और अधिक मजबूत होगा।
Source link
