Related Posts

उकलाना में मनाया गया गुरु पूजा महोत्सव:कई जिलों से पहुंचे श्रद्धालु, स्वामी सत्यानंद बोले- गुरु मंत्र का नियमित जाप पारसमणि के समान




सोहम मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी सत्यानंद महाराज के सान्निध्य में शुक्रवार को उकलाना में गुरु पूजा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में हरियाणा के विभिन्न जिलों से पहुंचे सैकड़ों श्रद्धालुओं ने गुरु पूजन कर स्वामी सत्यानंद महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे आयोजन के दौरान भक्ति, सत्संग और गुरु महिमा से वातावरण भक्तिमय बना रहा। अपने प्रेरक प्रवचन में स्वामी सत्यानंद महाराज ने कहा कि गुरु द्वारा दिया गया मंत्र पारसमणि के समान होता है। यदि श्रद्धा, विश्वास और नियमितता के साथ उसका जाप किया जाए तो मनुष्य का जीवन सुख, शांति और आध्यात्मिक उन्नति से भर जाता है। उन्होंने कहा कि ‘गुरु’ शब्द ‘गु’ और ‘रु’ से मिलकर बना है, जिसमें ‘गु’ का अर्थ अंधकार तथा ‘रु’ का अर्थ उस अंधकार को दूर कर प्रकाश की ओर ले जाना है। गुरु ही मनुष्य के जीवन को सही दिशा प्रदान करते हैं। गुरु का सानिध्य मिलने से कठिन परिस्थिति भी हो जाती है सरल : सत्यानंद उन्होंने कहा कि जिस प्रकार ज्योतिष शास्त्र में गुरु ग्रह को विशेष महत्व प्राप्त है, उसी प्रकार जीवन में सद्गुरु का सान्निध्य मिलने से कठिन परिस्थितियां भी सरल हो जाती हैं। गुरु की कृपा व्यक्ति के जीवन का मार्ग बदल सकती है और उसे पतन से बचाकर सफलता तथा आत्मिक शांति की ओर ले जाती है। स्वामी सत्यानंद महाराज ने कहा कि पहले प्रत्येक परिवार का अपना गुरु होता था और यदि परिवार का कोई सदस्य गलत मार्ग पर चलता था तो उसे गुरु के उपदेशों का स्मरण कराकर सही राह पर लाया जाता था। गुरु के प्रति श्रद्धा, सेवा और सम्मान की भावना परिवार में श्रेष्ठ संस्कारों का निर्माण करती है, जो आने वाली पीढ़ियों का भविष्य उज्ज्वल बनाते हैं। उन्होंने कहा कि केवल गुरु को मान लेना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि गुरु की आज्ञा और उपदेशों का पालन करना ही सच्ची गुरु भक्ति है। गुरु मंत्र का नियमित जाप मन, तन और आत्मा को पवित्र करता है तथा जीवन में सकारात्मक ऊर्जा, मानसिक शांति और आध्यात्मिक चेतना का संचार करता है। भोजन बनाते वक्त गुरु मंत्र का जाप करने का आग्रह स्वामी जी ने विशेष रूप से माताओं एवं बहनों से आग्रह किया कि वे भोजन बनाते समय भी गुरु मंत्र का जाप करें। उन्होंने कहा कि इससे भोजन सात्विक और अमृततुल्य बनता है, परिवार में सुख-समृद्धि बनी रहती है तथा नकारात्मक विचारों का प्रभाव समाप्त होता है। कार्यक्रम में सोनीपत, जींद, हिसार, कैथल, अंबाला, कुरुक्षेत्र सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और गुरु पूजा कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर श्रीनिवास गोयल, महेश बंसल, जिला संघ प्रमुख, मार्केट कमेटी के उपाध्यक्ष आनंद जैन, प्रधान निरंजन दहमानिया, देवेंद्र कालड़ा, सचिव बजरंग मित्तल, वासुदेव शर्मा, जगदीश असीजा, राजेंद्र मोलड़, बाबूराम मित्तल, विजय महिपाल, सुनील महिपाल, विजेंद्र गर्ग, गौरव लोहिया, अशोक गोयल, रमेश गोयल, सुशील सिंगला, सोहिम सिंह नैन, अशोक गर्ग, रामनिवास जैन, सतीश गर्ग, शेखर शर्मा, रामविलास गोयल, हनुमान गोयल, नरेंद्र गर्ग, सतपाल मित्तल, फतेह आहूजा, वासु आहूजा, कृष्ण महिपाल गर्ग, सज्जन मित्तल, रघुवीर गर्ग, राजकुमार गर्ग, सागरमल मिस्त्री, अशोक डाबर, सुभाष ख्यालिया सहित अनेक श्रद्धालु, समाजसेवी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें