गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले दो बाइक चालकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। इन दोनों पर 2 लाख 75 हजार 500 के लंबित चालान थे, जिसके बाद पुलिस ने दोनों बाइकों को जब्त कर लिया। पुलिस यह अभियान उन वाहनों के खिलाफ चला रही है जिन पर 90 दिनों से अधिक समय से चालान लंबित हैं और उनकी जुर्माना राशि का भुगतान नहीं हुआ है। मोटर वाहन अधिनियम, 1988 के तहत ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जा रही है। 27 मई को जेनपैक्ट चौक पर जोनल अधिकारी कृष्ण कुमार ने एक बाइक को रोका। जांच में पाया गया कि इस वाहन पर कुल 28 लंबित चालान थे, जिनकी कुल राशि लगभग 1 लाख 19 हजार 500 रुपए थी। इन उल्लंघनों में मुख्य रूप से बिना नंबर प्लेट, बिना हेलमेट और बिना बीमा के वाहन चलाना शामिल था। नियमों के अनुसार, इस मोटरसाइकिल को मोटर वाहन अधिनियम 1988 की धारा 207(5) के तहत जब्त कर निर्धारित पार्किंग में खड़ा किया गया। जांच में 26 चालान लंबित पाए गए इसी तरह, सेक्टर 4/7 चौक पर मदनपाल और उनकी टीम ने एक अन्य बाइक को जांच के लिए रोका। इस वाहन पर भी कुल 26 लंबित चालान पाए गए, जिनकी कुल राशि लगभग 1 लाख 56 हजार रुपए थी। इसमें भी बिना नंबर प्लेट, बिना हेलमेट और बिना बीमा के वाहन चलाने जैसे प्रमुख उल्लंघन शामिल थे। पुलिस ने इस मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया। गुरुग्राम पुलिस ने सभी वाहन चालकों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने और अपने चालानों का समय पर भुगतान करने की अपील की है। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Source link
गुरुग्राम में दो बाइकों पर 2.75 लाख का जुर्माना:ट्रैफिक पुलिस दोनों को जब्त किया, जांच में 54 चालान लंबित निकले
