नारनौल में एक सेंटर के बाहर नीट की परीक्षा देने आए परीक्षार्थियों की फाइल फोटो
महेंद्रगढ़ जिले में 21 जून को होने वाली नीट (NEET) परीक्षा को लेकर पुलिस और प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा के शांतिपूर्ण और निष्पक्ष संचालन के लिए पुलिस अधीक्षक दीपक के निर्देश पर सुरक्षा और यातायात संबंधी विशेष एडवाइजरी जारी की
.
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्रों के 500 मीटर के दायरे में किसी भी फोटोस्टेट की दुकान को संचालित नहीं होने दिया जाएगा। इसके अलावा केंद्रों के आसपास अनधिकृत व्यक्तियों और वाहनों के खड़े होने पर भी प्रतिबंध रहेगा। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की विशेष टीमें तैनात की जाएंगी।
सोशल मीडिया पर विशेष नजर
परीक्षा के दौरान अफवाह फैलाने वालों और असामाजिक तत्वों पर पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी ताकि किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना या परीक्षा से जुड़ी अफवाहों को तुरंत रोका जा सके।
नारनौल एसपी दीपक कुमार
ट्रैफिक एडवाइजरी जारी
नारनौल स्थित गवर्नमेंट मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल (जीएमएसएसएसएस) परीक्षा केंद्र पर पहुंचने वाले परीक्षार्थियों को नांग तिहाड़ी बाईपास, निजामपुर टी-प्वाइंट और सैनी धर्मकांटा मार्ग का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
वहीं आम नागरिकों से महाबीर चौक से रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले मार्ग तथा सिविल अस्पताल-बहरोड़ टी-प्वाइंट से मेहता चौक की ओर जाने वाले मार्ग का उपयोग कम करने की अपील की गई है, ताकि परीक्षा के दौरान यातायात सुचारू बना रहे।
इन स्थानों पर होगी पार्किंग
परीक्षार्थियों और अभिभावकों के वाहनों के लिए रेलवे स्टेशन पार्किंग, पुरानी अनाज मंडी, नया ट्रॉमा सेंटर के सामने, कोर्ट कॉम्प्लेक्स महेंद्रगढ़, सुभाष स्टेडियम तथा कृष्ण नगर स्थित सरकारी स्कूल मैदान को पार्किंग स्थल बनाया गया है।
सड़क पर वाहन खड़ा किया तो होगा जब्त
पुलिस ने चेतावनी दी है कि निर्धारित पार्किंग स्थलों के अलावा सड़क किनारे वाहन खड़े करने पर कार्रवाई की जाएगी। यातायात बाधित करने वाले वाहनों को तुरंत इंपाउंड (जब्त) किया जाएगा। पुलिस प्रशासन ने परीक्षार्थियों और अभिभावकों से समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने तथा जारी ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।
