फतेहाबाद जिले में बिजली निगम के अधिकारियों पर नए बिजली कनेक्शन में अनावश्यक देरी करने और धक्का मुक्की करने का आरोप लगाया गया है। आरोप है कि बार-बार आग्रह करने के बावजूद कनेक्शन नहीं दिया जा रहा है। गुरुवार को आवेदक बड़ोपल स्थित एसडीओ कार्यालय पहुंचे तो वहां भी काफी गहमागहमी हुई। इसके बाद आवेदक की ओर से सीएम विंडो और पुलिस में भी शिकायत दी गई है। अधिकारियों पर जानबूझकर कनेक्शन नहीं देने का आरोप लगाते हुए सीएम कार्यालय से मामले में संज्ञान लेने का आग्रह किया गया। 4 मई को किया था आवेदन गांव चिंदड़ निवासी उग्रसेन ने बताया कि उनकी ढाणी गांव से करीब 600 मीटर दूर स्थित है। ढाणी में बिजली कनेक्शन लेने के लिए उन्होंने 4 मई को दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के बड़ोपल सब डिविजन ऑफिस में आवेदन किया था। आवेदन के बाद निगम की ओर से करीब 20 हजार रुपए का एस्टीमेट बनाया गया, जिसे उन्होंने निर्धारित समय पर जमा भी करा दिया। उनका आरोप है कि राशि जमा कराने के बावजूद एक महीने से अधिक समय बीत जाने के बाद भी बिजली कनेक्शन जारी नहीं किया गया। कई बार निगम कार्यालय के चक्कर लगाने के बाद भी उन्हें केवल आश्वासन ही मिलता रहा। इस बीच गर्मी और बारिश के मौसम में परिवार को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उग्रसेन ने बताया कि उनकी 87 वर्षीय मां और छोटे-छोटे पोते भी ढाणी में रहते हैं। बारिश के दिनों में ढाणी के चारों ओर पानी भर जाता है, जिससे आवागमन प्रभावित हो जाता है। ऐसे में बिजली नहीं होने से रात के समय और अधिक दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। परिवार को रोशनी, पंखे और अन्य आवश्यक सुविधाओं से वंचित रहना पड़ रहा है। पीड़ित का आरोप है कि जब वह अपनी समस्या को लेकर संबंधित जेई रतन से मिले तो उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि बातचीत के दौरान उनके साथ धक्का-मुक्की भी की गई। पूर्व विधायक दुड़ाराम से भी की गई शिकायत इसके बाद उग्रसेन ने पूर्व विधायक दुड़ाराम से भी अधिकारियों की शिकायत की। दुड़ाराम ने मामले में एक्सईएन से बातचीत कर उग्रसेन का कनेक्शन जारी करवाने के लिए कहा। साथ ही उन्होंने आवेदक से पुन: एसडीओ से मिलने के लिए कहा। जेई बोले-कल जाएंगे कनेक्शन करने इस संबंध में जेई रतन सिंह ने कहा कि इनका पारिवारिक विवाद है, इसलिए इनके ही परिवार के सदस्य जगह नहीं दे रहे हैं। हमने कहा है कि आपस में बातचीत करके जगह तय कर ली जाए। फिर भी हम कल कनेक्शन करने के लिए जाएंगे। अगर जगह मिल जाएगी तो कनेक्शन हो जाएगा।
Source link
