Related Posts

उत्तराखंड में खाई में गिरी सोनीपत नंबर की कार:5 दोस्त मुन्स्यारी घूमने गए थे, ड्राइवर को आई नींद; तीन की हालत गंभीर




उत्तराखंड घूमने गए सोनीपत जिले के युवकों के साथ बड़ा हादसा हो गया। पिथौरागढ़ जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मुन्स्यारी से लौट रहे पांच दोस्तों की कार चंपावत जिले में बेकाबू होकर करीब 70 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा बुधवार तड़के करीब 3:21 बजे टनकपुर-पिथौरागढ़ नेशनल हाईवे पर चल्थी क्षेत्र के पास हुआ। दुर्घटना में कार सवार सभी पांच युवक घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचा और कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को खाई से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। घायलों में तीन युवकों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें प्राथमिक इलाज के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया, जबकि दो का इलाज टनकपुर के उपजिला अस्पताल में चल रहा है। मुन्स्यारी घूमकर लौट रहे थे सभी दोस्त जानकारी के अनुसार सोनीपत के आसपास के गांवों के रहने वाले दोस्त उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले स्थित मुन्स्यारी घूमने गए हुए थे। यात्रा पूरी करने के बाद सभी युवक कार में सवार होकर चंपावत होते हुए टनकपुर की तरफ लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया। चल्थी-कठौल के बीच हुआ हादसा बताया गया है कि सोनीपत नंबर की कार (HR-10AN-7221) बुधवार तड़के चल्थी-कठौल के बीच नेशनल हाईवे पर पहुंची तो अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में गिर गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कार करीब 70 मीटर नीचे जा पहुंची और उसमें सवार सभी युवक घायल हो गए। पुलिस ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन हादसे की सूचना मिलते ही चल्थी चौकी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से बचाव अभियान चलाया और खाई में गिरे सभी घायलों को बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद 108 एंबुलेंस सेवा के माध्यम से उन्हें इलाज के लिए उपजिला अस्पताल टनकपुर भेजा गया। सोनीपत के 5 युवक हुए घायल हादसे में घायल युवकों की पहचान विवेक (32) निवासी गांव जाहरी, अमनदीप (30) निवासी गांव जाहरी, मोहित (33) निवासी किलोड़द, आदित्य (32) निवासी गांव शहजादपुर तथा अतुल (32) निवासी गांव शहजादपुर के रूप में हुई है। सभी युवक सोनीपत जिले के रहने वाले हैं और एक साथ उत्तराखंड भ्रमण पर गए थे। तीन घायलों की हालत गंभीर उपजिला अस्पताल टनकपुर में इलाज कर रहे चिकित्सक डॉ. मानवेंद्र शुक्ला ने बताया कि अधिकांश घायलों के हाथ, पैर और सिर में चोटें आई हैं। प्राथमिक इलाज के दौरान मोहित, अमनदीप और अतुल की हालत गंभीर पाई गई, जिसके चलते उन्हें बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। वहीं दो अन्य घायलों का इलाज टनकपुर अस्पताल में जारी है। ड्राइवर को नींद आने से हादसा चल्थी चौकी के एसआई राकेश कठायत के अनुसार सुबह करीब साढ़े तीन बजे दुर्घटना की सूचना प्राप्त हुई थी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। प्रारंभिक पूछताछ में चालक ने बताया कि वाहन चलाते समय उसे झपकी आ गई थी, जिसके कारण वह कार पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन खाई में जा गिरा। हादसे के बाद परिजनों में चिंता हादसे की सूचना मिलते ही सोनीपत में घायलों के परिजनों में चिंता का माहौल बन गया। सभी परिवार लगातार अस्पताल प्रशासन और स्थानीय पुलिस के संपर्क में हैं तथा घायलों की स्थिति की जानकारी ले रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें