हिसार जिले के उकलाना में बिजली विभाग के सब डिवीजन कार्यालय में कर्मचारियों का विरोध प्रदर्शन लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। एचएसईबी वर्कर यूनियन और अनुबंधित बिजली कर्मचारी संघ के संयुक्त आह्वान पर कर्मचारियों ने सोमवार को दो घंटे तक प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने अपनी लंबित मांगों को लेकर नारेबाजी की और विभाग के अधिकारियों के खिलाफ नाराजगी जताई। प्रदर्शन के दौरान आयोजित सभा की अध्यक्षता सब यूनिट प्रधान मोनूदीन ने की, जबकि मंच संचालन सब यूनिट सचिव आत्मा राम ने किया। इस दौरान दोनों यूनियनों के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि फील्ड में तकनीकी कर्मचारियों की कमी के कारण लाइन पर कार्य करने वाले कर्मचारियों पर अतिरिक्त कार्यभार पड़ रहा है। जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है। उनका कहना था कि कर्मचारियों की सुरक्षा के साथ किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। तकनीकी कर्मचारियों की तैनाती को लेकर यूनियन का विरोध यूनियन नेताओं ने कहा कि इस संबंध में कई बार लिखित नोटिस देने के साथ-साथ उपमंडल अधिकारी से व्यक्तिगत रूप से भी मुलाकात कर समस्या से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला। उनका आरोप है कि कार्यालय में कार्यरत तकनीकी कर्मचारियों को उनके मूल कार्यस्थल यानी फील्ड में भेजने के बजाय कार्यालय में ही रखा जा रहा है, जबकि फील्ड में कर्मचारियों की भारी कमी बनी हुई है। कर्मचारी नेताओं ने यह भी दावा किया कि उच्च अधिकारियों द्वारा तकनीकी कर्मचारियों को फील्ड में तैनात करने के निर्देश जारी किए जा चुके हैं, लेकिन उनका पालन नहीं किया जा रहा। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए और किसी कर्मचारी के साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित उपमंडल अधिकारी की होगी। कर्मचारियों ने आंदोलन की चेतावनी दी दोनों कर्मचारी संगठनों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा तथा आगामी रणनीति की घोषणा जल्द की जाएगी। प्रदर्शन में यूनिट उपप्रधान अनिल कुमार, यूनिट चेयरमैन दलेर, सब यूनिट सचिव सोनू चाहर, कैशियर रामनिवास, जगप्रवेश, शिवपाल, मुनीश कुमार, जसवंत, भूप सिंह, राजेश, सतीश, नरेंद्र, उपेंद्र, रामफल, कपिल, सुदेश, दयावंती, राहुल, विपिन, मोनू, सचिन सहित बड़ी संख्या में बिजली कर्मचारियों ने भाग लिया।
Source link
उकलाना में बिजली कर्मचारियों का तीसरे दिन प्रदर्शन जारी:अधिकारी पर सुरक्षा अनदेखी का आरोप, फील्ड में स्टाफ भेजने की मांग
