Related Posts

तरनतारन में नकली सब-इंस्पेक्टर गिरफ्तार:पुलिस की वर्दी पहनकर राहगीरों को बनाता शिकार, फर्जी केस में फंसाने के नाम पर भी ठगी




पंजाब के तरनतारन में पुलिस ने एक ऐसे युवक को गिरफ्तार किया है, जो पंजाब पुलिस का सब-इंस्पेक्टर बनकर लोगों को अपना शिकार बनाता था। आरोपी सुनसान इलाकों में नकली नाका लगाकर राहगीरों को रोकता था और केस में फंसाने व पुलिस कार्रवाई का डर दिखाकर उनसे पैसे ऐंठता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पंजाब पुलिस की वर्दी और फर्जी पहचान पत्र भी बरामद किया है। मामले की जानकारी देते हुए एसएसपी सुरेंद्र लांबा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुरादपुर (तरनतारन) निवासी करनदीप सिंह के रूप में हुई है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी सब-इंस्पेक्टर की वर्दी पहनकर और नकली आई-कार्ड दिखाकर लोगों से अवैध वसूली व ठगी कर रहा है। घर से लिफाफे में वर्दी ले जाकर लगाता था नकली नाका पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी करनदीप सिंह शातिर दिमाग से काम लेता था। वह अपने घर से आम कपड़ों में निकलता था और एक लिफाफे में पुलिस की वर्दी साथ रखता था। इसके बाद वह किसी सुनसान जगह पर जाकर वर्दी पहन लेता था और नकली नाका लगाकर आने-जाने वाले राहगीरों को रोककर खुद को पुलिस अधिकारी बताकर धमकाता था। पुलिस ने बिछाया जाल, पुरानी कोर्ट के पास दबोचा सूचना मिलते ही थाना सिटी तरनतारन के इंचार्ज इंस्पेक्टर परमजीत सिंह विरदी के नेतृत्व में एएसआई गुरमीत सिंह की टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने पुरानी कोर्ट के समीप नाकाबंदी कर आरोपी करनदीप सिंह को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से पंजाब पुलिस की वर्दी बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सिटी तरनतारन में मुकदमा नंबर 196 के तहत बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) की विभिन्न धाराओं 319(2), 318(4), 336(2), 336(3), 340(2), 173 और 204 के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगा रही है कि उसने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें