HKRN में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने के आरोप में गिरफ्तार दोनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में।
यमुनानगर में हरियाणा कौशल रोजगार निगम (HKRN) में नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक युवक से एक लाख 10 हजार रुपए की ठगी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस चौकी कलानौर की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने अधिकारियों से गहरी पहचान होने का दावा कर पीड़ित से
.
काफी समय तक नियुक्ति पत्र का झूठा भरोसा देते रहे और जब पीड़ित ने रुपए वापस मांगे तो उसे जान से मारने की धमकी देने लगे। शिकायत मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से ठगी की रकम में से 70 हजार रुपए भी बरामद किए हैं। कोर्ट में पेश करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
अधिकारियों से जान-पहचान का दिया झांसा
चौकी प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि गांव बहरामपुर निवासी हरी राम उर्फ शंटी की शिकायत पर केस दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसकी पहचान भोगपुर निवासी रति राम से थी, जिसने उसकी मुलाकात अंबाला जिले के गांव सरकपुर निवासी सुरेश कुमार से करवाई।
दोनों आरोपियों ने दावा किया कि उनकी अधिकारियों से अच्छी जान-पहचान है और वे हरियाणा कौशल रोजगार निगम (HKRN) के तहत उसकी नौकरी लगवा देंगे। इसके बदले आरोपियों ने डेढ़ लाख रुपए की मांग की, जिसमें से शिकायतकर्ता ने अलग-अलग समय पर उन्हें एक लाख 10 हजार रुपए दे दिए। रुपए लेने के बाद आरोपी लगातार नियुक्ति पत्र आने का झांसा देते रहे।
आरोपियों से 70 हजार रुपए किए बरामद
काफी समय बीतने पर जब शिकायतकर्ता ने नौकरी के बारे में पूछा तो आरोपियों ने बहाना बनाया कि जिस अधिकारी के माध्यम से काम होना था, उसकी मां का निधन हो गया है, इसलिए प्रक्रिया में समय लगेगा। इसके बाद भी नौकरी नहीं लगी और आरोपी टालमटोल करते रहे। जब शिकायतकर्ता ने अपने रुपए वापस मांगे तो आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई, जिसने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान ठगी की राशि में से 70 हजार रुपए भी बरामद कर लिए गए। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
