Related Posts

महेंद्रगढ़ में गर्भवती महिला का अपहरण:50 दिन पहले की कोर्ट मैरिज, मुंह पर कपड़ा बांधकर आए आरोपी, एसपी से शिकायत




महेंद्रगढ़ में एक व्यक्ति ने अपनी एक महीने की गर्भवती पत्नी के अपहरण का आरोप लगाया है। मोहल्ला महायचान निवासी परविंदर ने गुरुवार को मोहल्लावासियों के साथ पुलिस अधीक्षक (एसपी) दीपक से मुलाकात की और उन्हें एक शिकायती पत्र सौंपा। एसपी ने इस मामले में थाना प्रभारी को जल्द से जल्द कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। परविंदर ने अपनी शिकायत में बताया कि उसने 6 मई 2026 को उसने सपना नामक युवती के साथ भिवानी कोर्ट में शादी की थी। शादी के बाद वे अपने घर पर रहने लगे। परविंदर के अनुसार, सपना के परिजन इस शादी से खुश नहीं थे और उसे वापस ले जाने का दबाव बना रहे थे। उन्होंने परविंदर और सपना को जान से मारने की धमकियां भी दी थीं। परविंदर का आरोप है कि 23 जून को कुछ महिला और पुरुष मुंह पर कपड़े बांधकर उनके घर आए। उस समय परविंदर घर पर मौजूद नहीं था। आरोपी उसकी पत्नी सपना को जबरन उठाकर ले गए। परविंदर ने बताया कि उसकी पत्नी लगभग एक महीने की गर्भवती है। पुलिस ने परविंदर की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है, लेकिन अभी तक सपना का कोई सुराग नहीं मिला है। परविंदर ने एसपी से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने और अपनी पत्नी की तलाश करने की मांग की है। उसने यह भी बताया कि उसने 24 जून को पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में भी एक याचिका दायर की है, जिसकी प्रति उसने एसपी को सौंपी है। परविंदर ने मांग की है कि उसकी पत्नी को उसकी मर्जी के अनुसार सेफ हाउस भेजा जाए। यदि वह अपने पति के साथ नहीं रहना चाहती तो उसे उसके घर भेजा जाए। एसपी ने एसएचओ को निर्देश दिए हैं कि लड़की को जल्द से जल्द बरामद किया जाए और जो लोग गैर-कानूनी तरीके से महिला को उठाकर ले गए हैं, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। मोहल्ला वासियों ने भी इस घटना में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। एसपी से मिलने वालों में प्रविन्द्र,जगदीश प्रधान, भूप सिंह -ढाणी फौगाट, मोहनलाल, प्रमोद, रेशमी, कमलेश, संजना,करण सिंह,रामरती आदि शामिल रहे।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें