रिटायरमेंट पार्टी में कथित तौर पर हवालाती के साथ डांस करते हुए डिप्टी जेल सुपरिटेंडेंट हरभजन सिंह लाल घेरे में।
होशियारपुर सेंट्रल जेल में नशा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार डिप्टी जेल सुपरिटेंडेंट हरभजन सिंह के मामले में नया मोड़ आया है। उनका एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह एक रिटायरमेंट पार्टी में एक हवालाती के साथ डांस करते दिखाई दे रहे हैं।
.
सूत्रों के अनुसार, यह वीडियो जेल में तैनात एक सब-इंस्पेक्टर (SI) की रिटायरमेंट पार्टी का है। वीडियो में हरभजन सिंह डीजे पर डांस कर रहे हैं, जबकि एक युवक उन पर नोटों की बारिश कर रहा है। यह युवक जेल से जमानत पर बाहर आया एक हवालाती था। आरोप है कि रिटायर हुए सब-इंस्पेक्टर ने हरभजन सिंह के साथ मिलकर उसे पार्टी में बुलाया था।
पुलिस पहले से ही हरभजन सिंह के साथ इस कथित गोरखधंधे में शामिल जेल के अंदर और बाहर के लोगों की जांच कर रही है। अब यह वीडियो सामने आने के बाद रिटायर हुए सब-इंस्पेक्टर से भी पूछताछ की जा सकती है। हालांकि अभी इस मामले में पुलिस का कोई बयान सामने नहीं आया।
पुलिस की तरफ से गिरफ्तार किए गए डिप्टी सुपरिटेंडेंट हरभजन सिंह।(फाइल फोटो)
कैदी के वीडियो के बाद पुलिस ने हरभजन को पकड़ा
सूत्रों का यह भी दावा है कि हरभजन सिंह जेल में नशा पकड़ने वाले पुलिसकर्मियों पर दबाव बनाते थे। कुछ दिन पहले जेल में बंद एक गैंगस्टर ने वीडियो जारी कर आरोप लगाया था कि जेल में चल रहे अवैध धंधे में कुछ आला अधिकारी शामिल हैं।
इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान मिले कुछ सबूतों के आधार पर दो दिन पहले हरभजन सिंह समेत कुल 12 लोगों को गिरफ्तार किया था। डिप्टी सुपरिटेडेंट पर आरोप हैं कि वह कैदियों से जेल में नशा बिकवाते थे। जेल में बंद एक कैदी मनप्रीत मन्ना ने वीडियो भी जारी किया था।
जिसमें उसने दावा किया था कि उनसे नशा बिकवाने के साथ जेल में गलत काम हो रहे हैं। चक्की में रात को लड़का-लड़की आए थे। उसने हाथ में पुड़िया दिखाकर उसमें आइस (मेथामफेटामाइन) होने का दावा किया था, जो सिंथेटिक नशा है।
इसके बाद पुलिस ने थाना होशियारपुर सिटी में 14 जून को पंजाब प्रिजन्स एंड करेक्शनल सर्विसेज एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत FIR नंबर 151 दर्ज की गई थी। जिसके बाद मन्ना के लगाए आरोपों की जांच की जा रही थी। जिसमें हरभजन सिंह का नाम निकला था।
कैसे हुआ था पूरे नेटवर्क का खुलासा
- गैंगस्टर के VIDEO से हुआ खुलासा: होशियारपुर के एसएसपी डॉ. संदीप मलिक ने बताया था कि यह नेटवर्क मोटी रकम लेकर जेल के अंदर मोबाइल फोन और नशीले पदार्थों की आपूर्ति करता था। इस मामले की जांच तब शुरू हुई जब केंद्रीय जेल में बंद गैंगस्टर मनप्रीत सिंह ने एक वीडियो वायरल किया। मन्ना ने आरोप लगाया था कि हरभजन सिंह उससे नशे की आपूर्ति करवाता था और मना करने पर उसे प्रताड़ित किया जा रहा था। वीडियो जारी होने के कारण मामले को गंभीरता से लिया गया।
- मामले की जांच के लिए SIT जांच की: मामले की जांच के लिए एसपी मेजर सिंह के नेतृत्व में SIT का गठन किया गया। गहन जांच में सामने आया कि जेल के अंदर नशीले पदार्थों और मोबाइल फोन की तस्करी का एक संगठित नेटवर्क सक्रिय था। इस नेटवर्क में हरभजन सिंह, एक वार्डन, जेल के अंदर और बाहर के कुछ तस्कर शामिल थे।
- 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया: गिरफ्तार किए गए 12 आरोपियों में हरभजन सिंह और वार्डन रविंदर सिंह शामिल हैं। अन्य गिरफ्तार आरोपियों में मनप्रीत सिंह मन्ना, गुरविंदर सिंह उर्फ बाबा, गुरविंदरजीत सिंह उर्फ हैप्पी, इंद्रजीत सिंह गिल, गुरप्रीत सिंह उर्फ मोनू, भूमि सिंह, गुरजिंदर सिंह उर्फ बूटर, हरविंदर सिंह उर्फ मनु, राकेश कुमार उर्फ केशा और बलजिंदर सिंह शामिल हैं। इन सभी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। एसएसपी ने कहा कि पुलिस मामले की तह तक जाएगी। किसी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
************
ये खबर भी पढ़ें:
कपूरथला जेल में 2 हवालातियों की मौत: तबीयत खराब हुई, पोस्टमॉर्टम के बाद सौंपे जाएंगे शव; एक को 4 दिन पहले किया था गिरफ्तार
कपूरथला की मॉडर्न जेल में बंद दो हवालातियों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जेल प्रशासन ने दोनों के शवों को सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है और थाना कोतवाली पुलिस को मामले की सूचना दी गई है। मृतकों के परिजनों को भी इसकी जानकारी दे दी गई है। (पढ़ें पूरी खबर)
