Related Posts

AAP कार्यकर्ताओं ने पार्टी छोड़ने वाले सांसदों के पुतले जलाए:संगरूर में वित्त मंत्री चीमा के कार्यालय से निकाला रोष मार्च, चौक पर प्रदर्शन




पंजाब के संगरूर जिले की दिड़बा मंडी में आम आदमी पार्टी (आप) कार्यकर्ताओं ने भाजपा में शामिल हुए राज्यसभा सांसदों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने इन सांसदों के पुतले जलाए और जमकर नारेबाजी की। यह प्रदर्शन वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा के कार्यालय से शुरू हुआ। ‘आप’ कार्यकर्ता राज्यसभा सांसदों के पुतले लेकर विरोध मार्च निकालते हुए दिड़बा के मुख्य चौक पहुंचे। यहां हरभजन सिंह, राघव चड्ढा, अशोक मित्तल और संदीप पाठक सहित अन्य नेताओं के पुतले जलाए गए। विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा के ओएसडी तपिंदर सिंह सोही, इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट संगरूर के चेयरमैन प्रीतम सिंह पीतू और मार्केट कमेटी दिड़बा की चेयरपर्सन जसबीर कौर शेरगिल ने किया। इस दौरान ‘आप’ नेताओं ने आरोप लगाया कि पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए राज्यसभा सांसदों ने पंजाब के लोगों के साथ विश्वासघात किया है। उन्होंने कहा कि इन नेताओं ने जनता के भरोसे को तोड़ा है और पंजाब की जनता इन्हें कभी माफ नहीं करेगी। नेताओं ने दावा किया कि इन सांसदों के जाने से आम आदमी पार्टी को कोई नुकसान नहीं होगा, क्योंकि उनका पंजाब की जनता से सीधा जुड़ाव नहीं था। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में जब भी ये नेता पंजाब आएंगे, उनका विरोध किया जाएगा। इस मौके पर चेयरमैन मार्केट कमेटी सूलर घाट हरविंदर सिंह छाजली, ब्लॉक समिति छाजली के चेयरमैन रणजीत सिंह, मार्केट कमेटी दिड़बा की चेयरपर्सन मनजीत कौर सहित कई सरपंच, ब्लॉक समिति सदस्य, जिला परिषद सदस्य और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें