![]()
पलवल में हथीन के वार्ड नंबर दस स्थित लालदास मंदिर के दानपात्र से चोरी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद कर ली है। हथीन थाना प्रभारी नरेश कुमार ने बताया कि यह घटना 4 अगस्त को हुई थी। मंदिर के महंत सुरेश साध शाम करीब 7 बजे मंदिर पहुंचे तो दानपात्र गायब मिला। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज देखी, जिसमें दो लड़के बाइक पर दानपात्र चुराकर ले जाते हुए दिखाई दिए। महंत के अनुसार, दानपात्र में लगभग 50-60 हजार रुपए थे। पुलिस ने दो दिन की रिमांड पर लिया मंदिर महंत की शिकायत पर हथीन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गहनता से छानबीन करते हुए दोनों अज्ञात चोरों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान घाघोट गांव निवासी दीपक और मर्रोली गांव निवासी अर्जुन के रूप में बताई। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान पुलिस ने उनसे वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक, दानपात्र का टूटा हुआ ताला और ताला तोड़ने में इस्तेमाल की गई ईंट बरामद की। रिमांड अवधि समाप्त होने के बाद दोनों आरोपियों को दोबारा अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
Source link







