![]()
महेंद्रगढ़ जिला की बेटी व कॉमनवेल्थ खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर देश और क्षेत्र का नाम रोशन करने वाली गोल्डन गर्ल शर्मिला धनखड़ ने बीते कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान प्रधानमंत्री ने उनकी बेटियों के बारे में भी पूछा। शर्मिला ने बीते कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इसके बाद फ्लाइट से मुंबई के लिए रवाना हुई। मंगलवार को KBC के मंच पर अमिताभ बच्चन के सामने बैठकर वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक तक पहुंचने के अपने सफर के अनुभव साझा करेंगी। हालांकि इसका प्रसारण कुछ दिनों बाद होगा। प्रधानमंत्री ने पूछा बेटियां कब लाएंगी मेडल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के दौरान नरेंद्र मोदी ने शर्मिला धनखड़ से पूछा कि आपने वादा किया था कि दोनों बेटियां मेडल लाएंगी। इस पर शर्मिला धनखड़ ने कहा कि सर अभी तो दोनों छोटी हैं, उम्र कम हैं। अगले कॉमनवेल्थ में वे जरूर मेडल लाएंगी। इस पर प्रधानमंत्री ने कहा पक्का तब धनखड़ ने कहा हां पक्का। बहुत अच्छा लगा शर्मिला धनखड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर उनको बहुत अच्छा लगा। प्रधानमंत्री ने उनसे बात भी की, यह ओर भी अच्छा रहा। वे उनसे बहुत प्रभावित हैं। उन्होंने बेटियों के बारे में पूछा। अब जाएंगी केबीसी उन्होंने बताया कि अब वे टीवी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (KBC) में नजर आएंगी। शर्मिला धनखड़ मंगलवार को कार्यक्रम में महानायक अमिताभ बच्चन के सामने हॉट सीट पर बैठकर अपने जीवन के संघर्ष, मेहनत और सफलता की कहानी साझा करेंगी। रहेगा गौरवपूर्ण शर्मिला धनखड़ ने कहा कि अमिताभ बच्चन के सामने KBC की हॉट सीट पर बैठना उनके लिए बेहद गौरवपूर्ण और यादगार क्षण होगा। उनके साथ उनके पति अजीत सिंह और दोनों बेटियां अनुज व लक्ष्मी भी मुंबई जाएंगी। घर तक बेचना पड़ा उन्होंने अपने संघर्ष के दिनों को याद करते हुए बताया कि खेल की तैयारी के दौरान परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कठिन थी। हालात ऐसे थे कि परिवार को अपना घर तक बेचना पड़ा था। इसके बावजूद उन्होंने अपना लक्ष्य नहीं छोड़ा और लगातार मेहनत करती रहीं। शर्मिला ने कहा कि आज देश के लिए स्वर्ण पदक जीतने के बाद जिस तरह उन्हें सम्मान और पहचान मिल रही है, वह उनकी वर्षों की मेहनत का सुखद परिणाम है। युवाओं और बेटियों को दिया सफलता का मंत्र शर्मिला धनखड़ ने युवाओं और बेटियों को संदेश देते हुए कहा कि जीवन में यदि कोई लक्ष्य तय किया है तो उसे हासिल करने के लिए पूरी लगन और मेहनत से जुट जाना चाहिए। लक्ष्य की राह में आने वाली परेशानियों और लोगों की बातों से विचलित होने के बजाय लगातार प्रयास करते रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि उनकी सफलता केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है। इससे उन बेटियों का भी हौसला बढ़ा है, जो अपने सपनों को पूरा करने के लिए संघर्ष कर रही हैं। मेहनत और दृढ़ संकल्प के सामने कठिन परिस्थितियां भी बाधा नहीं बन सकतीं। कपिल शर्मा शो से भी मिला निमंत्रण शर्मिला धनखड़ ने बताया कि उन्हें कपिल शर्मा के शो में शामिल होने का निमंत्रण भी मिला है। हालांकि अभी कार्यक्रम की तारीख तय नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि KBC और दूसरे लोकप्रिय टीवी कार्यक्रमों में अपनी कहानी साझा करने का अवसर मिलना उनके लिए खुशी और गर्व की बात है। कॉमनवेल्थ खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर सुर्खियों में आई शर्मिला धनखड़ का सफर अब खेल मैदान से निकलकर देश के लोकप्रिय टेलीविजन मंच तक पहुंच गया है। KBC में अमिताभ बच्चन के सामने वह अपनी संघर्ष और सफलता की कहानी देशभर के दर्शकों के साथ साझा करेंगी।
Source link







