![]()
सिरसा में CIA पुलिस ने नशा तस्करी के आरोप में चार युवकों को गिरफ्तार किया है। इनमें शहर के एक नामी डेरे की महंत का भतीजा भी शामिल बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, चारों युवक स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार होकर जा रहे थे। पुलिस की गाड़ी देखकर उन्होंने स्कॉर्पियो को वापस मोड़कर भागने का प्रयास किया। इसी दौरान गाड़ी बंद हो गई, जिसके बाद पुलिस ने चारों को काबू कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 68 ग्राम 84 मिलीग्राम हेरोइन बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गांव ढाबा निवासी कुनाल उर्फ तनु, मेला ग्राउंड निवासी दीपक उर्फ टिंकु उर्फ कटला, कीर्ति नगर निवासी शिवा और गोशाला मोहल्ला निवासी रोहित के रूप में हुई है। चारों के खिलाफ थाना शहर सिरसा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस को देखकर गाड़ी मोड़कर भागने लगे CIA सिरसा प्रभारी इंस्पेक्टर रविंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस टीम वाल्मीकि चौक से सरकारी अस्पताल की तरफ गश्त और चेकिंग कर रही थी। सरकारी अस्पताल के पास सामने से एक स्कॉर्पियो आती दिखाई दी। पुलिस वाहन को देखकर उसमें सवार युवकों ने अचानक गाड़ी मोड़कर भागने का प्रयास किया। इसी दौरान स्कॉर्पियो बंद हो गई। पुलिस टीम ने शक के आधार पर गाड़ी में सवार चारों युवकों को हिरासत में ले लिया। नियमानुसार राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में गाड़ी और युवकों की तलाशी ली गई। इस दौरान 68 ग्राम 84 मिलीग्राम हेरोइन बरामद हुई। एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शहर थाना पुलिस को सौंप दी है। आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा। रिमांड के दौरान पुलिस हेरोइन की खरीद-फरोख्त, सप्लायर और नशा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ करेगी। शिवा के पहली बार पकड़े जाने की चर्चा पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी शिवा के इस मामले में पहली बार पकड़े जाने की बात सामने आई है। अब पुलिस उसकी आपराधिक पृष्ठभूमि और नशा तस्करी से जुड़े संभावित संपर्कों की भी जांच करेगी। डेरे की महंत की ओर से भी शिवा के उनके परिवार से संबंध होने की पुष्टि की गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link







