![]()
कॉमनवेल्थ गेम्स में 51 किलोग्राम भारवर्ग में स्वर्ण पदक जीतने वाली भिवानी के गांव धनाना की बॉक्सर साक्षी चौधरी का भिवानी बॉक्सिंग क्लब में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसी क्लब में साक्षी ने करीब 12 साल तक बॉक्सिंग का अभ्यास किया है। समारोह में भिवानी-महेंद्रगढ़ के सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह, चरखी दादरी के विधायक सुनील सांगवान और लोहारू के विधायक राजबीर फरटिया सहित अन्य लोग मौजूद रहे। साक्षी के कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने के बाद वह अपने पुराने प्रशिक्षण केंद्र पहुंची। यहां क्लब के पदाधिकारियों और खिलाड़ियों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान भिवानी जिले के सात खिलाड़ियों के कॉमनवेल्थ गेम्स में पदक जीतने का भी उल्लेख किया गया। एशियन गेम्स में गोल्ड जीतने का लक्ष्य साक्षी चौधरी ने कहा कि सम्मान समारोह से खिलाड़ियों को आगे बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलती है। अब उनका लक्ष्य अगले महीने होने वाले एशियन गेम्स की तैयारी करना और वहां भी स्वर्ण पदक जीतना है। उन्होंने अपनी जीत का श्रेय परिवार, कोच और सेना को दिया और स्वर्ण पदक देश को समर्पित किया। साक्षी ने कहा कि बॉक्सिंग में युवाओं के लिए आगे बढ़ने के अवसर हैं। उन्होंने कहा कि कॉमनवेल्थ गेम्स में बॉक्सिंग के प्रदर्शन से भारत की पदक तालिका में स्थिति बेहतर हुई है। सांसद बोले- हरियाणा में खेलों को बढ़ावा सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने कहा कि हरियाणा खेलों के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि कॉमनवेल्थ गेम्स में हरियाणा की खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन किया है। सांसद ने बताया कि उन्होंने विजेता खिलाड़ियों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मुलाकात के लिए समय मांगा था और खिलाड़ियों को दिल्ली बुलाया गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और केंद्रीय खेल मंत्री से भी खिलाड़ियों के सम्मान के लिए समय मांगे जाने की बात कही। सांसद ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के प्रदर्शन से जूनियर खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2030 में गुजरात में होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स में कबड्डी, कुश्ती और हॉकी जैसे खेलों के शामिल होने की संभावना है। इन खेलों के शामिल होने से भारत और हरियाणा के पदकों की संख्या बढ़ सकती है। सात पदक जीतना भिवानी के लिए उपलब्धि चरखी दादरी के विधायक सुनील सांगवान ने कहा कि पुराने भिवानी जिले के खिलाड़ियों ने कॉमनवेल्थ गेम्स में सात पदक जीते हैं। उन्होंने कहा कि किसी खिलाड़ी की सफलता के पीछे लंबे समय का अभ्यास, कोच और परिवार का सहयोग रहता है। खिलाड़ियों को प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराने पर लगातार काम करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि सरकार समय-समय पर खेल नीति में बदलाव करती है, ताकि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। खेल बजट बढ़ाने की मांग लोहारू के विधायक राजबीर फरटिया ने कहा कि भिवानी के खिलाड़ी विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में लगातार पदक जीत रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिस अनुपात में जिले के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक ला रहे हैं, उसी हिसाब से जिले में खेल सुविधाओं और बजट पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए। उन्होंने साक्षी चौधरी को आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वह आगे भी देश के लिए पदक जीतेंगी।
Source link







