![]()
सोनीपत में कांग्रेस की ओर से आयोजित राज्य स्तरीय SIR कार्यशाला में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर पार्टी ने सरकार और चुनावी प्रक्रिया पर कई गंभीर सवाल खड़े किए। पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस विधायक भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने आरोप लगाया कि SIR के दौरान बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम प्रभावित हुए हैं और प्रक्रिया में कई ऐसी अड़चनें सामने आ रही हैं, जिनका सीधा असर आम मतदाताओं के अधिकार पर पड़ सकता है। वहीं, कांग्रेस प्रदेश प्रभारी संजय दत्त ने भी कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर सक्रिय होकर मतदाताओं की मदद करने का आह्वान किया। कार्यशाला में कांग्रेस ने बीएलओ की कार्यप्रणाली पर निगरानी, छूटे हुए मतदाताओं के फॉर्म दोबारा भरवाने और नई बनी वोटों की विशेष जांच सहित कई मुद्दों पर रणनीति तैयार की। SIR के खिलाफ नहीं कांग्रेस, लेकिन प्रक्रिया पर सवाल पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR के खिलाफ नहीं है। कांग्रेस हमेशा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सरकार और प्रशासन के साथ सहयोग करने के लिए तैयार रही है। लेकिन SIR की प्रक्रिया के दौरान प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से कई तरह की परेशानियों और अड़चनों की जानकारी सामने आ रही है। ऐसे में जरूरी है कि पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से पूरी की जाए, ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से बाहर न हो। हुड्डा का दावा- SIR में लाखों वोट प्रभावित हुईं हुड्डा ने दावा किया कि SIR प्रक्रिया के दौरान हरियाणा में लाखों वोट समाप्त हो गई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के मंच से भी यह दिखाई दे रहा है कि वोट कम करने की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम होना हर पात्र नागरिक का लोकतांत्रिक अधिकार है और किसी भी स्तर पर लापरवाही के कारण किसी व्यक्ति का वोटिंग अधिकार प्रभावित नहीं होना चाहिए। बीएलओ को जिम्मेदारी से काम करने के निर्देश देने की मांग हुड्डा ने सरकार से मांग की कि सभी बूथ लेवल अधिकारियों यानी बीएलओ को स्पष्ट निर्देश दिए जाएं कि वे अपनी जिम्मेदारी पूरी गंभीरता के साथ निभाएं। उन्होंने कहा कि जिन मतदाताओं तक SIR के फॉर्म नहीं पहुंच पाए हैं, उनके घर दोबारा जाकर फॉर्म उपलब्ध करवाए जाएं और प्रक्रिया पूरी कराई जाए। किसी तकनीकी या प्रशासनिक कमी के कारण पात्र मतदाता प्रक्रिया से बाहर नहीं होना चाहिए। बूथ स्तर पर कांग्रेस ने तय की जिम्मेदारी कांग्रेस ने SIR को लेकर बूथ स्तर तक अपनी टीम को सक्रिय कर दिया है। हुड्डा ने बताया कि पार्टी की ओर से बूथ स्तर पर टीमों और पदाधिकारियों की जिम्मेदारियां तय की गई हैं। पार्टी ने संबंधित पदाधिकारियों के फोन नंबर भी जारी किए हैं, ताकि यदि किसी मतदाता को फॉर्म भरने में परेशानी आती है या किसी बीएलओ की ओर से लापरवाही अथवा गलत कार्य किए जाने की जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना तत्काल कांग्रेस संगठन तक पहुंचाई जा सके। नई बनी वोटों पर विशेष निगरानी की जरूरत पूर्व मुख्यमंत्री ने नई बनी वोटों को लेकर भी विशेष ध्यान देने की बात कही। उन्होंने कहा कि ऐसे मतदाता, जिन्होंने दूसरे स्थानों से माइग्रेट होकर हरियाणा में निवास शुरू किया है, उनका रिकॉर्ड भी पूरी तरह दर्ज होना चाहिए। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि मतदाता सूची में वास्तविक और पात्र मतदाताओं के नाम शामिल हों और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना न रहे। कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर करेंगे मदद कार्यशाला में पार्टी की ओर से कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर सक्रिय रहने का संदेश दिया गया। कांग्रेस का कहना है कि SIR प्रक्रिया के दौरान जिन मतदाताओं को फॉर्म भरने, दस्तावेज जुटाने या सत्यापन को लेकर किसी तरह की परेशानी आती है, वहां पार्टी के कार्यकर्ता उनकी मदद करेंगे। इसके लिए संगठनात्मक स्तर पर जिम्मेदारियां तय की गई हैं, ताकि शिकायत मिलने के बाद संबंधित क्षेत्र में तुरंत टीम पहुंच सके। संजय दत्त बोले- मतदान का अधिकार संविधान ने दिया कांग्रेस प्रदेश प्रभारी संजय दत्त ने भी SIR को लेकर सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि देश का संविधान प्रत्येक नागरिक को मतदान का अधिकार देता है। ऐसे में मतदाता सूची के सत्यापन की प्रक्रिया इस तरह होनी चाहिए कि किसी भी पात्र व्यक्ति को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्यापन के नाम पर मतदाताओं के सामने कई तरह की दिक्कतें खड़ी हो रही हैं। 2002 के रिकॉर्ड को लेकर मतदाताओं की चिंता संजय दत्त ने 2002 के रिकॉर्ड और माता-पिता के रिकॉर्ड मांगे जाने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि इस तरह के दस्तावेजों को लेकर कई मतदाताओं में भ्रम और चिंता है। उन्होंने मतदाताओं से कहा कि उन्हें डरने की जरूरत नहीं है। कांग्रेस की टीम उनके साथ खड़ी है और जहां भी किसी नागरिक को SIR प्रक्रिया में परेशानी होगी, वहां पार्टी कार्यकर्ता उसकी मदद करेंगे। मतदाता अधिकारों से खिलवाड़ नहीं होने देंगे संजय दत्त ने कहा कि कांग्रेस किसी भी पात्र मतदाता के अधिकारों के साथ खिलवाड़ नहीं होने देगी। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे केवल राजनीतिक स्तर पर विरोध करने के बजाय बूथ स्तर पर मतदाताओं के बीच पहुंचें और उनकी समस्याओं का समाधान कराने में सहयोग करें। कांग्रेस ने SIR को लेकर संगठनात्मक स्तर पर निगरानी मजबूत करने का फैसला किया है। कानून व्यवस्था को लेकर भी हुड्डा ने सरकार को घेरा कार्यशाला के दौरान भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा में कानून व्यवस्था की स्थिति लगातार खराब हो रही है। जगह-जगह लूटपाट और हत्या जैसी वारदातें सामने आ रही हैं और सरकार इन घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण करने में विफल साबित हो रही है। दिनदहाड़े वारदातों से असुरक्षा का माहौल हुड्डा ने कहा कि प्रदेश में दिनदहाड़े आपराधिक वारदातें हो रही हैं। इससे आम लोगों में असुरक्षा का माहौल पैदा हो रहा है। उन्होंने सरकार से कानून व्यवस्था को मजबूत करने और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की। हुड्डा ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता प्रदेश के लोगों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना होना चाहिए। कार्यशाला में बूथ स्तर की रणनीति पर जोर राज्य स्तरीय कार्यशाला में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने SIR प्रक्रिया को लेकर बूथ स्तर पर निगरानी और मतदाताओं तक पहुंच बनाने की रणनीति पर जोर दिया। पार्टी की कोशिश है कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम प्रक्रिया संबंधी कमी के कारण मतदाता सूची से बाहर न हो और यदि किसी नागरिक को कोई परेशानी आती है तो उसकी शिकायत तत्काल संगठन तक पहुंचे।
Source link







