![]()
करनाल जिले के गांव बसताड़ा स्थित मुबारकाबाद चौक पर बीती रात एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मीट खाने के बाद 150 रुपये को लेकर दुकानदार और ग्राहकों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई। आरोपियों ने दुकानदार पर तेजधार हथियार से कई वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मधुबन थाना के गांव मुबारकाबाद निवासी शुभम पुत्र रमेश (27) की मुबारकाबाद चौक पर मीट की दुकान है। बीती रात करीब 8:45 बजे तीन युवक उसकी दुकान पर आए और खाने-पीने का सामान लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी शराब के नशे में थे और पैसे को लेकर उनकी दुकानदार से बहस हो गई। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने हमला कर दिया। सीसीटीवी में कैद वारदात, लोगों ने नहीं किया बचाव
सीसीटीवी फुटेज में दिखाई देता है कि एक आरोपी दुकान के अंदर जाकर तेजधार हथियार लेकर आता है और बाहर खड़े शुभम पर अचानक सिर और गर्दन के पीछे वार करता है। हमले से बचने की कोशिश में शुभम भागता है लेकिन गिर जाता है। इसके बाद आरोपी उस पर लगातार वार करते रहते हैं। घटना के दौरान आसपास लोग मौजूद थे, लेकिन किसी ने बीच-बचाव नहीं किया। 22-23 बार किए वॉर
हमले में शुभम के गर्दन और शरीर पर करीब 22-23 वार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत करनाल के विर्क अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने किए दो गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, आरोपियों में अंकित पुत्र ईशम सिंह (30), निवासी कालरम, को मौके पर ही लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं दूसरे आरोपी अमित को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी लखबीर सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। जो भी इस घटना में शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Source link







