![]()
रेवाड़ी में दिल्ली जयपुर हाइवे पर ट्रक की टक्कर से कांवड़ खंडित होने के बाद ड्राइवर की पिटाई का मामला सामने आया है। जिसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हंगामें के चलते हाइवे पर जाम लग गया। सूचना के बाद डीएसपी बावल सुरेंद्र श्योराण, धारूहेड़ा थाना पुलिस तथा कसोला थाना पुलिस मौके पर पहुंचे। बीच-बचाव कर किसी प्रकार मामले को संभाला। गाड़ी मालिक मौके पर पहुंचा और कांवड़ खंडित होने से नाराज कांवड़ियों को गाड़ी से दूसरी कांवड़ लेने के लिए हरिद्वार भेजकर मामले को निटाया। हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है। कांवड़ियों ने ड्राइवर को पीटा जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे दिल्ली जयपुर हाइवे से कांवड़िए कांवड़ लेकर जा रहे थे। इसी दौरान निखरी गांव के पास ट्रक की टक्कर लगने से एक कांवड़िये की कांवड़ खंडित हो गई। जिसके बाद आक्रोशित कांवड़ियों ने ट्रक चालक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी। जिससे हाईवे पर कुछ समय के लिए जाम लग गया। हंगामे के दौरान कांवड़ियों द्वारा हरिद्वार से गंगाजल लाने की मांग रखी। जिसे ट्रक मालिक ने स्वीकार करते हुए गाड़ी से हरिद्वार भेज दिया। जिससे मामला शांत हो गया। एक पुलिसकर्मी भी साथ रवाना ट्रक मालिक द्वारा हरिद्वार से गंगाजल लाने के लिए गाड़ी भेजी गई। जिसमें कांवड़ियों के साथ एक पुलिसकर्मी को भेजा गया, ताकि रास्ते में किसी प्रकार का विवाद न हो। कांवड़ियों की पहचान राजस्थान अलवर के सोड़ावास निवासी रोहित, जितेंद्र, कर्नल सिंह, विवेक के रूप में हुई है। डीएसपी सुरेंद्र श्योरण ने कहा कि कुछ गलतफहमी हो गई थी। सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों से बातचीत कर मामले को निपटा दिया।
Source link







