![]()
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘नशा मुक्त युवा – विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने देशभर के 28 हजार से अधिक स्थानों से जुड़े एक करोड़ से ज्यादा छात्रों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं से नशामुक्त जीवन को स्वस्थ, सशक्त और विकसित भारत की आधारशिला बताया। उन्होंने सभी छात्रों को नशामुक्त रहने की शपथ भी दिलाई। इस राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम के लिए सोनीपत जिले में हरियाणा खेल विश्वविद्यालय, राई को केंद्र बनाया गया था। यहां हरियाणा खेल विश्वविद्यालय और मोतीलाल नेहरू खेलकूद विद्यालय के छात्र-छात्राएं विश्वविद्यालय सभागार में एकत्र हुए। उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम से सीधा जुड़ाव किया और ‘नशा मुक्त युवा – विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत नशामुक्त रहने की सामूहिक शपथ ली। ‘खेल, शिक्षा और नैतिक मूल्यों से युवा बढ़ाएंगे हरियाणा का गौरव’ इस अवसर पर राई विधायक कृष्णा गहलावत, सोनीपत विधायक निखिल मदान और सीएम के ओएसडी वीरेंद्र सिंह बड़खालसा विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने छात्रों के साथ नशामुक्त रहने की शपथ ग्रहण की और युवाओं को स्वस्थ एवं अनुशासित जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया। राई विधायक कृष्णा गहलावत ने अपने संबोधन में कहा कि नशे से दूर रहकर ही युवा अपनी प्रतिभा का सर्वोत्तम प्रदर्शन कर सकते हैं। उन्होंने हरियाणा को खेलों के क्षेत्र में अग्रणी बताते हुए कहा कि हरियाणा खेल विश्वविद्यालय और मोतीलाल नेहरू खेलकूद विद्यालय राज्य की इस गौरवशाली परंपरा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने छात्रों से खेल, शिक्षा और नैतिक मूल्यों को जीवन का आधार बनाने का आह्वान किया। ‘नशे से दूर रहकर परिवार और समाज को जोड़ें’ मुख्यमंत्री के ओएसडी वीरेन्द्र सिंह बड़खालसा ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार, समाज और राष्ट्र के भविष्य को भी प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि आज का युवा यदि अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर अनुशासन, परिश्रम और सकारात्मक सोच को अपनाए तो वह विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने छात्रों से स्वयं नशे से दूर रहने और समाज को भी नशामुक्त बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। सोनीपत विधायक निखिल मदान ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने छात्रों से स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार और समाज को भी इस अभियान से जोड़कर नशामुक्त भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान हरियाणा खेल विश्वविद्यालय के कुलपति अशोक कुमार ने कहा कि मादक पदार्थों का अवैध व्यापार आतंकवाद को आर्थिक सहायता प्रदान करने का एक प्रमुख स्रोत है। ऐसे में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘नशा मुक्त भारत’ के संकल्प और ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में आज छात्रों द्वारा लिया गया यह संकल्प एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक युवा का नशे से दूर रहना न केवल उसके उज्ज्वल भविष्य, बल्कि राष्ट्र की सुरक्षा, समृद्धि और प्रगति के लिए भी आवश्यक है। कार्यक्रम में हरियाणा खेल विश्वविद्यालय एवं मोतीलाल नेहरू खेलकूद विद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ-साथ विश्वविद्यालय एवं विद्यालय के सभी अधिकारी, संकाय सदस्य और अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प दोहराते हुए इस जन-आंदोलन को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का संदेश दिया।
Source link







