![]()
जालंधर के प्राचीन देवी तालाब मंदिर में रविवार शाम को आम आदमी पार्टी (AAP) के हलका इंचार्ज व मेयर विनीत धीर के मौजूदगी में ईंट-पत्थर चले। मेयर आज अपनी शुक्राना यात्रा निकाल रहे थे। इस दौरान फतेह गैंग और भाना गैंग के सदस्य आमने-सामने आ गए, जिनमें बहस के बाद हाथापाई हुई। फिर दोनों ने एक-दूसरे को पत्थर मारे। इस दौरान मंदिर में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। गैंगस्टरों के आपस में भिड़ने से कई श्रद्धालुओं के घायल होने की सूचना है। हालांकि, पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। पत्थरबाजी करने के आरोप में थाना-8 पुलिस ने एक आरोपी को राउंडअप किया है। उससे पूछताछ की जा रही है। इस मामले में ACP नॉर्थ अशोक मीना ने बताया कि मामले की जांच की रही है। उन्होंने कहा कि उन्हें सूचना मिली थी कि देवी तलाब मंदिर में दो पक्षों में झड़प हुई है। अब मंदिर में लगे सीसीटीवी चेक किए जा रहे हैं। अभी तक किसी भी घायल की सूचना नहीं है। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी चेक कर जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। समर्थन में नारेबाजी को लेकर हाथापाई हुई जानकारी के मुताबिक, देवी तालाब मंदिर में मेयर विनीत धीर के समर्थक इकट्ठे हुए थे। इस दौरान उनके विरोध करने वाला गुट भी मंदिर पहुंचा। इस दौरान मेयर के समर्थक गुट ने उनके समर्थन में नारेबाजी कर दी। इससे विरोधी गुट भी विरोध में नारेबाजी करने लगा। इस नारेबाजी के बाद पहले दोनों गुटों में कहासुनी हुई। इसके बाद हाथपाई शुरू हो गई। बाद में दोनों गुटों के सभी सदस्य आमने-सामने आ गए और दोनो गुटों में पथराव शुरू हो गया। दोनों गुटों के सदस्यों ने ऊंचाइयों पर चढ़कर एक-दूसरे को पत्थर मारे, जिससे कई श्रद्धालु भी घायल हुए। इसके बाद मौके पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने पुलिस थाने में सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचते ही हालात को काबू किया। इसके बाद एक युवक को हिरासत में लिया। दोनों गुटों के नेताओं के खिलाफ आपराधिक केस भी दर्ज हैं। देवी तालाब मंदिर से शुरू हुई थी मेयर की शुक्राना यात्रा जालंधर के मेयर विनीत धीर को AAP ने नॉर्थ हलके का इंचार्ज नियुक्त किया गया है। इसके बाद वह रविवार को हलके में शुक्राना यात्रा निकाल रहे थे। यात्रा देवी तालाब मंदिर से शुरू होकर प्रीत नगर और सोढ़ल रोड से होती हुई सोढ़ल मंदिर में संपन्न हुई। शुक्राना यात्रा में कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत, AAP के जिला प्रधान अमृतपाल, शहर के विभिन्न वार्डों के पार्षदों सहित पार्टी की बड़ी संख्या में नेतृत्व टीम और कार्यकर्ता शामिल हुए। मेयर बोले- नई जिम्मेदारी ईमानदारी से निभाएंगे मेयर विनीत धीर ने कहा कि पार्टी हाईकमान ने उन्हें जालंधर नार्थ हल्के की जिम्मेदारी सौंपी है, जिसके लिए वह पार्टी नेतृत्व के आभारी हैं। उन्होंने कहा कि वह पूरी मेहनत और ईमानदारी से लोगों की सेवा करेंगे तथा नॉर्थ हलके के विकास और जनसमस्याओं के समाधान के लिए लगातार कार्य करेंगे। उन्होंने बताया कि देवी तालाब मंदिर में माथा टेकने के बाद शुक्राना यात्रा प्रीत नगर और सोढ़ल रोड से होते हुए सोढ़ल मंदिर तक पहुंची। उन्होंने कहा कि मेयर पद की जिम्मेदारी के साथ-साथ नॉर्थ हलके की नई जिम्मेदारी को भी वह पूरी निष्ठा के साथ निभाएंगे। विनीत धीर ने कहा कि आने वाले दिनों में पार्टी को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी जालंधर नॉर्थ हलके से भारी बहुमत के साथ जीत दर्ज करेगी। हम इस खबर को अपडेट कर रहे हैं… ॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰ यह खबर भी पढ़ें… पंजाब BJP पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के घर के बाहर धमाका:आवाज सुनकर लोग डरे, सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप; CCTV से खुला राज पंजाब BJP के पूर्व अध्यक्ष एवं पठानकोट से विधायक अश्वनी शर्मा के घर के बाहर रविवार धमाके जैसी आवाज से हड़कंप मच गया। अश्वनी शर्मा की सुरक्षा में तैनात कर्मियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस के साथ खूफिया एजेंसियां भी मौके पर पहुंच गईं। पढ़ें पूरी खबर…
Source link






