अंजनी बोरान का चयन भारतीय स्कूल बास्केटबॉल टीम में हुआ है।
हिसार जिले के गांव चमारखेड़ा की प्रतिभाशाली बेटी अंजनी बोरान ने अपनी मेहनत, लगन और खेल प्रतिभा के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। अंजनी का चयन 13 से 22 जून 2026 तक सर्बिया के ज्लातिबोर शहर में आयोजित होने वाली विश्व स्
.
वर्तमान में अंजनी दिल्ली पब्लिक स्कूल, राजनांदगांव की छात्रा हैं तथा सर्वज्ञ राव बास्केटबॉल अकादमी, राजनांदगांव में अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल प्रशिक्षक कालवा राजेश्वर राव एवं कालवा राधा राव के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। अंजनी का चयन उन छह खिलाड़ियों में हुआ है जिन्हें विश्व स्कूल बास्केटबॉल प्रतियोगिता के लिए भारतीय टीम में जगह मिली है।
रांची चयन शिविर से मिली सफलता
स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) द्वारा आयोजित राष्ट्रीय स्तर के चयन ट्रायल के आधार पर देशभर से लगभग 150 खिलाड़ियों को रांची में आयोजित विशेष प्रशिक्षण एवं चयन शिविर में बुलाया गया था। इस शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद अंजनी बोरान सहित सात खिलाड़ियों का चयन भारतीय स्कूल टीम के लिए किया गया।
अंजनी के साथ बालिका वर्ग में रूमी कोनवर, काम्या झा, रेवा कुलकर्णी और आर्या विजय अवारे, जबकि बालक वर्ग में हिमांशु सिंह और शुभम सिंह का चयन हुआ है। सभी खिलाड़ी राजनांदगांव स्थित सर्वज्ञ राव बास्केटबॉल अकादमी से जुड़े हुए हैं।

अंजनी बोरान
मेहनत और लगन से तय किया सफलता का सफर
अंजनी बोरान की सफलता की कहानी संघर्ष और समर्पण की मिसाल है। अकादमी द्वारा उनकी लंबाई और शारीरिक क्षमता को देखते हुए उन्हें बास्केटबॉल के लिए चुना गया था। उस समय उन्हें बास्केटबॉल खेल की विशेष जानकारी भी नहीं थी, लेकिन लगातार अभ्यास, अनुशासन और कोचों के मार्गदर्शन ने उन्हें राष्ट्रीय और अब अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचा दिया।
अंजनी ने अपने खेल करियर में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने जूनियर नेशनल बास्केटबॉल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक, सीबीएसई नेशनल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक, जूनियर स्कूल नेशनल में स्वर्ण पदक, कटक में आयोजित सीबीएसई क्लस्टर प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक सहित कई राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया है। इसके अलावा उन्होंने सिंगापुर में आयोजित जूनियर एनबीए राइजिंग स्टार इन्विटेशनल प्रतियोगिता में भी भाग लेकर अंतरराष्ट्रीय अनुभव प्राप्त किया है।

अंजनी बोरान
क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण
अंजनी की इस उपलब्धि को चमारखेड़ा, हिसार और पूरे हरियाणा के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। खेल प्रेमियों और ग्रामीणों का कहना है कि अंजनी ने यह साबित कर दिया है कि ग्रामीण परिवेश से निकलकर भी खिलाड़ी विश्व स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।
उनके चयन पर पूर्व मंत्री अनूप धानक, विधायक नरेश सेलवाल, जिला परिषद सदस्य कर्मकेश कुंडू, ब्लॉक समिति सदस्य मांगेराम, सरपंच प्रतिनिधि धर्मपाल पहलवान, कांता देवी, मंगल सैन, हरपाल लंबोरिया, जयवीर धायल, दिलबाग बोरान, रमेश बोरान, संदीप, सुशील, अजय गोदारा, शक्ति सिहाग, कुलदीप कसवां, वीरेंद्र लंबोरिया सहित अनेक जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और खेल प्रेमियों ने बधाई देते हुए अंजनी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कोच कालवा राजेश्वर राव और कालवा राधा राव ने कहा कि अंजनी की सफलता उसकी कड़ी मेहनत, समर्पण और खेल के प्रति जुनून का परिणाम है। उन्हें विश्वास है कि वह विश्व स्कूल बास्केटबॉल चैंपियनशिप में भारत का शानदार प्रतिनिधित्व कर देश को गौरवान्वित करेगी।







