![]()
हरियाणा के नारनौल में सावन माह के दौरान बढ़ी यात्री संख्या को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने यात्रियों को राहत देते हुए 10 अगस्त को रेवाड़ी-रींगस-रेवाड़ी के बीच एक ट्रिप के लिए अनारक्षित स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। इस विशेष रेल सेवा से नारनौल, अटेली, निजामपुर, नीमकाथाना तथा आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि गाड़ी संख्या 09637 रेवाड़ी-रींगस एक्सप्रेस स्पेशल 10 अगस्त को सुबह 11 बजे रेवाड़ी से रवाना होगी और दोपहर 2:20 बजे रींगस पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 09638 रींगस-रेवाड़ी एक्सप्रेस स्पेशल दोपहर 2:55 बजे रींगस से रवाना होकर शाम 6:20 बजे रेवाड़ी पहुंचेगी। इन स्टेशनों पर होगा ठहराव रेलवे के अनुसार यह स्पेशल ट्रेन रेवाड़ी और रींगस के बीच कुंड, काठूवास, अटेली, नारनौल, अमरपुर जोरासी, निजामपुर, डाबला, मांवड़ा, नीमकाथाना, कांवट और श्रीमाधोपुर स्टेशनों पर ठहरेगी। नारनौल रेलवे स्टेशन पर यह ट्रेन सुबह 11:55 बजे पहुंचेगी और 11:57 बजे रवाना होगी। वहीं वापसी में ट्रेन शाम 4:40 बजे नारनौल पहुंचेगी तथा 4:42 बजे रेवाड़ी के लिए प्रस्थान करेगी। दस डिब्बे लगाए रेलवे ने बताया कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस विशेष ट्रेन में 8 साधारण श्रेणी के कोच और 2 गार्ड डिब्बों सहित कुल 10 डिब्बे लगाए जाएंगे। चूंकि यह अनारक्षित स्पेशल ट्रेन होगी, इसलिए यात्री बिना आरक्षण के यात्रा कर सकेंगे। श्रद्धालुओं की रहती भीड़ रेलवे अधिकारियों का कहना है कि सावन माह में कांवड़ लाने वाले तथा शिवरात्रि पर धार्मिक स्थलों की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं और अन्य यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए यह विशेष रेल सेवा शुरू की गई है। इससे नियमित ट्रेनों पर दबाव कम होगा और यात्रियों को सुगम एवं सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा।
Source link







