spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

हिसार के स्कूल में नशा जागरूकता कार्यक्रम:छात्रों को नशे के दुष्परिणाम बताए, अधिकारी बोले- तस्करों से सतर्क रहें स्टूडेंट




हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो द्वारा प्रदेशभर में चलाए जा रहे नशा मुक्ति जन-जागरूकता अभियान के तहत पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, पाबड़ा (हिसार) में विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे से दूर रहकर स्वस्थ, सुरक्षित और जिम्मेदार जीवन जीने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के उप-प्राचार्य हंसराज ने की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के जागरूकता एवं पुनर्वास प्रभारी उपनिरीक्षक डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र की प्रगति में भी सबसे बड़ी बाधा बनता है। उन्होंने कहा कि यदि युवा पीढ़ी नशे से दूर रहेगी तो देश का भविष्य अधिक सुरक्षित, सशक्त और समृद्ध होगा। शौक से शुरू होने वाले नशे का अंत शोक पर होता है : डॉ. वर्मा डॉ. वर्मा ने काव्य और गीत के माध्यम से विद्यार्थियों को जागरूक करते हुए कहा कि नशा है नाश, करो विश्वास; नशा होता अच्छा- तो मां कहती- खा ले मेरे बच्चा। यदि नशा होता अच्छा तो पिता कहता- ले थोड़ी-सी पी, क्यों करता है चिंता, अपनी जिंदगी जी। उनकी इस प्रस्तुति ने विद्यार्थियों को भावनात्मक रूप से झकझोर दिया। उन्होंने कहा कि, नशा शौक से शुरू होता है और उसका अंत शोक पर होता है। शौक और शोक में केवल एक मात्रा का अंतर है। उन्होंने युवाओं से नशे के किसी भी प्रलोभन से बचने और अपने मित्रों, परिवार तथा समाज को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। डॉ. वर्मा ने बताया कि विभिन्न मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए सुरक्षा एजेंसियां लगातार सक्रिय हैं, लेकिन जागरूकता की कमी का फायदा उठाकर नशा तस्कर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाज की भागीदारी के बिना नशे के खिलाफ लड़ाई को पूरी तरह सफल नहीं बनाया जा सकता। समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प विद्यालय के उप-प्राचार्य हंसराज ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में अनुशासन, नैतिक मूल्यों, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने और अपने परिवार व समाज को भी नशामुक्त बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के 560 छात्र-छात्राओं, 55 शिक्षकों एवं अन्य कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया और अपने-अपने क्षेत्रों में नशे के विरुद्ध जन-जागरूकता फैलाने का वचन दिया। समापन अवसर पर शिक्षिका प्रेरणा, अशोक कुमार तथा हरिओम ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने आमजन से अपील की कि नशे की बिक्री, तस्करी अथवा सेवन से संबंधित किसी भी सूचना की जानकारी राष्ट्रीय नारकोटिक्स हेल्पलाइन 1933 या 9050891508 पर दें। ब्यूरो ने आश्वस्त किया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

Popular Articles