![]()
पलवल जिले में एसटीएफ की टीम ने हथीन के खरिया मोहल्ले में परिवार को बंधक बनाकर हुई डकैती के मामले में 5 हजार रुपए के इनामी अंतरराज्यीय डकैत अरविंद को गिरफ्तार किया है। आरोपी को नूंह जिले से पकड़ा गया है। वह राजस्थान के नीमराना का निवासी है। गिरफ्तार आरोपी अरविंद के खिलाफ हरियाणा और राजस्थान के विभिन्न थानों में लूट, डकैती और अन्य गंभीर धाराओं के तहत 6 से अधिक मामले दर्ज हैं। एसटीएफ ने उसे हथीन पुलिस को सौंप दिया है। मकान में घुसकर की थी वारदात हथीन थाना प्रभारी नरेश कुमार ने बताया कि यह घटना 23 अप्रैल की रात को हुई थी। हथीन के खरिया मोहल्ला निवासी सन्नी के घर में 8 से 10 हथियारबंद बदमाश घुस आए थे। उन्होंने पूरे परिवार को बंधक बनाकर सोने-चांदी के जेवरात और नकदी लूट ली थी। इस संबंध में हथीन थाने में मुकदमा दर्ज कर एएसआई अनिल कुमार जांच कर रहे हैं। 3 पहले पकड़े गए इस डकैती कांड में शामिल 3 मुख्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। इनमें अलीगढ़ (यूपी) निवासी सुभाष, नौझील (यूपी) निवासी नरेश (जो असावटी, गदपुरी में रहता था) और पंजाब के श्री मुक्तसर साहिब निवासी 1.05 लाख रुपए का इनामी बदमाश शंकर पहलवान शामिल थे। पुलिस ने इन आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल की गई बुलेट बाइक, डंडा और लूटी गई रकम का कुछ हिस्सा बरामद किया था। मुख्य सरगना को 4 दिन के रिमांड पर भेजा एसटीएफ टीम ने अब इस गिरोह के मुख्य सरगना अरविंद को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर 4 दिन के रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार, कटर और लूटा गया शेष माल बरामद करने का प्रयास करेगी। इसके अलावा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में छिपे उसके अन्य साथियों के ठिकानों पर भी दबिश दी जाएगी, ताकि उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।
Source link
पलवल डकैती कांड का मुख्य सरगना गिरफ्तार:5 हजार का इनामी, 4 दिन के रिमांड पर भेजा; राजस्थान का रहने वाला







