![]()
दो दिन पहले दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर बहादुरगढ़ के एक ही परिवार के चार लोगों की जान लेने वाले दर्दनाक सड़क हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। फुटेज में हादसे की भयावहता साफ दिखाई दे रही है। कुछ ही सेकंड में हुई जोरदार टक्कर ने चार जिंदगियां छीन लीं और पूरा परिवार उजड़ गया। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, एक्सप्रेसवे पर टाटा टियागो कार किसी कारणवश बैक हो रही थी। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही स्कॉर्पियो सीधे कार से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि टियागो के परखच्चे उड़ गए, जबकि स्कॉर्पियो भी अनियंत्रित होकर कई बार पलट गई। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में बहादुरगढ़ निवासी प्रवीण (40), उनकी पत्नी प्रीति (37), मां सुदेश (71) और 9 वर्षीय बेटे शिवांश की मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने चारों को मृत घोषित कर दिया। वहीं जयदेव, भूमि तथा स्कॉर्पियो में सवार एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका अस्पताल में उपचार जारी है। जानकारी के अनुसार, बहादुरगढ़ के सेक्टर-2 और सेक्टर-6 निवासी परिवार हरिद्वार की धार्मिक यात्रा पर निकला था। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के हलगोया कट के पास यह दर्दनाक हादसा हुआ। हादसे की सूचना मिलते ही रामपुर मनिहारान थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। अब सामने आए सीसीटीवी फुटेज के बाद पुलिस दुर्घटना के हर पहलू की जांच कर रही है। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि टक्कर कितनी जबरदस्त थी और कैसे कुछ ही पलों में एक पूरा परिवार तबाह हो गया। घटना की सूचना मिलने पर डीएम अरविंद कुमार चौहान और एसएसपी अभिनंदन सिंह अस्पताल पहुंचे तथा घायलों का हालचाल जाना। पूरे बहादुरगढ़ में इस हादसे के बाद शोक की लहर है। सामने आए CCTV फुटेज ने उस भयावह मंजर को एक बार फिर लोगों की आंखों के सामने ला दिया है।
Source link
हाईवे पर मौत का LIVE VIDEO आया सामने:बहादुरगढ़ के रहने वाले चार सदस्यों की हो गई थी मौत,CCTV में दिखी खौफनाक टक्कर







