![]()
हांसी में ट्रैफिक थाना प्रभारी (SHO) सब-इंस्पेक्टर प्रेम कुमार को गुरुवार की दोपहर करीब 2 बजे सीआईए व अन्य पुलिसकर्मी हांसी के सामान्य अस्पताल ले गए, जहां उनका मेडिकल कराया गया। इस दौरान प्रेम कुमार ने अपने ऊपर लगे आरोपों का विरोध किया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक (SP) विनोद कुमार ने सब इंस्पेक्टर प्रेम कुमार को निलंबित कर दिया। एसपी के अनुसार, उन्हें प्रेम कुमार के शराब पीने की सूचना मिली थी, जिसके आधार पर मेडिकल करवाकर विभागीय नियमों के तहत यह कार्रवाई की गई। एसपी ने बुलाया था अपने आफिस में, नहीं गए चर्चा है कि पुलिस अधीक्षक ने प्रेम कुमार को अपने कार्यालय बुलाया था, लेकिन वह बार-बार कोई बहाना बनाकर आने से मना करते रहे। वहीं, सब इंस्पेक्टर प्रेम कुमार ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ पुलिसकर्मियों और अधिकारियों ने उनके साथ मारपीट की और उन्हें इस तरह अस्पताल ले जाया गया, जैसे वह कोई अपराधी हों। प्रेम कुमार ने यह भी दावा किया कि सिविल अस्पताल में उनका मेडिकल ठीक तरीके से नहीं होने दिया गया। उन्होंने कहा कि वह इस पूरे मामले की शिकायत लेकर चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री से मिलेंगे। गलत आरोप लगाकर निलंबित किया : प्रेम कुमार करीब 37 वर्षों की सेवा का हवाला देते हुए प्रेम कुमार ने बताया कि उनके करियर पर आज तक कोई दाग नहीं लगा है। उन्होंने कहा कि वह पहले भी कई थानों के प्रभारी रह चुके हैं और हाल ही में उन्हें ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन अब उन पर गलत आरोप लगाकर निलंबित कर दिया गया है। फिलहाल, इस मामले में दोनों पक्षों के अलग-अलग दावे सामने आए हैं। पूरे घटनाक्रम की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
Source link
हांसी के ट्रैफिक SHO सस्पेंड, एसपी से विवाद:मेडिकल कराने के बाद हुई कार्रवाई; बोले- गलत आरोप लगाए गए, मुख्यमंत्री से मिलेंगे







