हांसी में भाखड़ा पाइपलाइन से टी-कनेक्शन की मांग को लेकर ग्रामीणों का आंदोलन वीरवार को 48वें दिन भी जारी रहा। हांसी के निकटवर्ती गांव चनैत में चल रहे इस धरने में बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में ग्रामीण डटे रहे और सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। धरना कमेटी के सदस्य अनूप ने बताया कि मुख्यमंत्री और सरकार के मंत्रियों के साथ हुई वार्ता बेनतीजा रही है। इसके बाद ग्रामीणों ने आंदोलन को तेज करने का निर्णय लिया है। इसी कड़ी में शुक्रवार को पूरे हरियाणा के सभी जिला मुख्यालयों पर उपायुक्तों को ज्ञापन सौंपे जाएंगे। हांसी में भी उपायुक्त को ज्ञापन दिया जाएगा, जिसमें किसान संगठनों, खाप प्रतिनिधियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्य शामिल होकर आंदोलन के समर्थन में अपनी आवाज बुलंद करेंगे। अनूप ने कहा कि चैनत का यह आंदोलन अब केवल एक गांव तक सीमित नहीं रहा है, बल्कि इसे आसपास के क्षेत्रों से भी लगातार समर्थन मिल रहा है। कई गांवों की पंचायत का मिला समर्थन : अनूप अनूप ने बताया कि, डाटा, मसूदपुर, भाटला, घिराय सहित कई गांवों की पंचायतें धरना स्थल पर पहुंचकर अपना समर्थन जता चुकी हैं। पंचायतों और सामाजिक संगठनों के सहयोग से आंदोलन लगातार मजबूत होता जा रहा है, जिससे ग्रामीणों का हौसला भी बढ़ा है। धरना कमेटी ने स्पष्ट किया है कि जब तक भाखड़ा पाइपलाइन से गांव को टी-कनेक्शन नहीं दिया जाता, तब तक आंदोलन किसी भी सूरत में समाप्त नहीं किया जाएगा। ग्रामीणों का कहना है कि वे शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग को लेकर संघर्ष कर रहे हैं और सरकार से जल्द सकारात्मक निर्णय की उम्मीद कर रहे हैं।
Source link
हरियाणा के सभी जिलों में डीसी को दिए जाएंगे ज्ञापन:चनैत में बारिश में धरने पर डटे रहे ग्रामीण, आंदोलन को तेज करने का निर्णय
