हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने महेंद्रगढ़ के अटेली विधानसभा क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने लगभग 20 करोड़ रुपए की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन और शिलान्यास किया। उन्होंने कनीना बस स्टैंड, उन्हाणी में निर्माणाधीन फ्लाईओवर और नहर पुल का भी निरीक्षण किया। मंत्री आरती राव ने अधिकारियों को कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार समान विकास, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं और आधुनिक आधारभूत ढांचे के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है। अटेली विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को लगातार गति दी जा रही है, ताकि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। इन परियोजनाओं का किया शिलान्यास करीरा गांव में स्वास्थ्य मंत्री ने कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें वीर सैनिक पार्क, राजा राव तुलाराम जिम और एससी चौपाल का नवीनीकरण शामिल है। इसके अतिरिक्त, उप स्वास्थ्य केंद्र का शिलान्यास, बीपीएल कॉलोनी के रास्तों और बीसी चौपाल का उद्घाटन भी किया गया। उन्होंने मुख्यमंत्री किसान खेत-खलिहान सड़क योजना के तहत करीरा से गोठड़ा काकड़ संपर्क मार्ग का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने घोषणा की कि कनीना सामान्य अस्पताल में शीघ्र ही डायलिसिस की सुविधा शुरू की जाएगी। आरती राव बोलीं- संपर्क मार्गों का होगा निर्माण हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के माध्यम से करीरा-गोठड़ा और करीरा-लिसान संपर्क सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। लोक निर्माण विभाग (भवन एवं सड़कें) द्वारा मुख्य सड़क से जवाहर नवोदय विद्यालय तक सड़क चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण, गांव से श्मशान घाट तक सड़क निर्माण और एससी चौपाल से स्कूल तक सड़क सुदृढ़ीकरण जैसे कार्य भी किए जाएंगे। आर्थिक सहायता के चेक वितरित किए इस अवसर पर मुख्यमंत्री किसान एवं खेतीहर मजदूर जीवन सुरक्षा योजना के तहत मार्केट कमेटी कनीना की ओर से पीड़ित किसान परिवारों को आर्थिक सहायता के चेक वितरित किए गए। गांव ईसराना के मोहित को ₹37,500, गांव खैराना की सरजीत कुमारी को उनके पति हरि सिंह की मृत्यु के उपरांत ₹5 लाख और गांव ईसराना के उदय सिंह को खेत में कार्य के दौरान दुर्घटना में घायल होने पर ₹1.25 लाख की सहायता राशि प्रदान की गई। स्वास्थ्य मंत्री ने कनीना बस स्टैंड का भी निरीक्षण किया। इस बस स्टैंड को आधुनिक और दो मंजिला बनाया जाएगा। बस स्टैंड के निर्माण स्थल का निरीक्षण करते हुए बताया कि बस स्टैंड की टेंडर प्रक्रिया अंतिम चरण में है और 20 जुलाई तक इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। आधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा नया बस स्टैंड : आरती उन्होंने बताया कि नया बस स्टैंड आधुनिक सुविधाओं से युक्त दो मंजिला होगा, जिसमें महिलाओं के लिए अलग प्रतीक्षा कक्ष एवं शौचालय, ड्राइवरों के लिए विश्राम कक्ष, आधुनिक कार्यालय, विशाल वेटिंग हॉल,हरित क्षेत्र एवं सौंदर्यीकरण की विशेष व्यवस्था होगी। बस स्टैंड परिसर भविष्य में क्षेत्र की पहचान बनेगा। उन्होंने कहा कि बस स्टैंड निर्माण के दौरान प्रभावित दुकानदारों के हितों की रक्षा के लिए सरकार ने हरसंभव प्रयास किए हैं। मामला कोर्ट में विचाराधीन होने के कारण आगे की कार्रवाई न्यायालय के निर्णय के अनुरूप की जाएगी। गुढ़ा गांव में भी विकास कार्यों की सौगात गुढ़ा गांव में एचआरडीएफ योजना के तहत फिरनी निर्माण, डी-प्लान योजना के तहत कम्युनिटी हॉल का उद्घाटन, उप स्वास्थ्य केंद्र का शिलान्यास तथा एफएफसी योजना के तहत एससी बस्ती में रास्तों एवं शिविर लाइन निर्माण कार्य का उद्घाटन किया गया। इसके अतिरिक्त गुढ़ा-मोहनपुर सड़क, गुढ़ा-कोका मार्केटिंग रोड,गुढ़ा-नांगल हरनाथ रोड,गुढ़ा-चेलावास सड़क की मरम्मत,उप स्वास्थ्य केंद्र तथा अन्य आधारभूत विकास कार्यों को भी स्वीकृति प्रदान की गई। कैमला गांव में भी विकास कार्यों का लोकार्पण कैमला गांव में बीसी चौपाल का पुनर्निर्माण, मिडिल स्कूल में प्रार्थना ग्राउंड,उन्हाणी रोड से धनौंदा रोड तक सड़क निर्माण,शिवधाम में टीनशेड,पार्क का नवीनीकरण,जीआई पाइपलाइन बिछाने,पानी के बोर, नालियों पर क्रॉसिंग जाल,आंगनवाड़ी भवन की मरम्मत, नई पानी की टंकी तथा विभिन्न संपर्क मार्गों के निर्माण एवं विकास कार्यों का लोकार्पण एवं निरीक्षण किया गया। प्रधानमंत्री 17 जुलाई को देंगे हरियाणा को नई सौगातें स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि 17 जुलाई को प्रधानमंत्री द्वारा हरियाणा को कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की सौगात दी जाएगी। इनमें कोरियावास और भिवानी के मेडिकल कॉलेजों का उद्घाटन तथा एशिया की पहली हाइड्रोजन आधारित ट्रेन का शुभारंभ शामिल है।
Source link
स्वास्थ्य मंत्री ने अटेली में किया परियोजनाओं का शिलान्यास:कनीना में बनेगा आधुनिक बस स्टैंड, आरती राव ने उन्हाणी फ्लाईओवर का जायजा लिया
