यमुनानगर जिले के भंभोल गांव की एक बुजुर्ग महिला को मदद के बहाने युवक ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। जगाधरी स्थित सेंट्रल बैंक से 55 हजार रुपए निकलवाने आई महिला को आरोपी ने पहले ‘बुआ राम-राम’ कहकर भरोसे में लिया, बैंक तक बाइक पर छोड़कर विश्वास जीता। इसके बाद में दोबारा बाइक पर बैठाकर उसके बैग से 55 हजार रुपए निकाल लिए। आरोपी 51 हजार रुपए लेकर फरार हो गया, जबकि चार हजार रुपए मौके पर ही फैंक दिए। पीड़िता ने मामले की शिकायत जगाधरी सिटी थाना पुलिस को दी है। पास आकर बोला बुआ मैं छोड़ देता हूं बैंक पीड़िता चिंतो देवी के अनुसार वह जगाधरी स्थित हनुमान मंदिर के पास सेंट्रल बैंक में इंदिरा आवास योजना के तहत खाते में आए 51 हजार रुपए निकालने पहुंची थीं। उसके खाते में चार हजार रुपए और पड़े थे, जिन्हें भी निकलवाना था। इन पैसों से उन्हें अपने कच्चे मकान की मरम्मत और निर्माण कार्य कराना था। चिंतो देवी ने बताया कि वह घर से बैंक के लिए निकली थीं। बैंक से कुछ दूरी पहले एक युवक बाइक पर उनके पास आया और बोला, “बुआ राम-राम।” इसके बाद उसने पूछा कि क्या वह बैंक जा रही हैं। जब उन्होंने हां कहा तो युवक ने उन्हें बैंक तक छोड़ने की बात कही। भरोसा होने पर वह उसकी बाइक पर बैठ गईं। युवक उन्हें बैंक के पास उतारकर चला गया। बैंक से बाहर निकलते ही फिर मिला युवक महिला ने बताया कि उसके बाद वह बैंक के अंदर गई और अपने खाते से 55 हजार रुपए निकलवाकर बैग में रख लिए। जब वह बैंक से बाहर निकलीं तो वही युवक फिर बाइक लेकर वहां पहुंच गया। जैसे वह उसी का इंतजार कर रहा था। उसने दोबारा कहा कि वह उन्हें घर की ओर छोड़ देगा। वह फिर से उसकी बाइक पर बैठ गईं। कुछ दूरी जाने के बाद आरोपी ने बाइक रोक दी और कहा कि उसे थोड़ा जरूरी काम आ गया है। इसी दौरान उसने उससे पूछा कि उनके पास कितने रुपए हैं। इतने में वह वह कुछ समझ पाती, उससे पहले ही आरोपी ने उनके बैग पर झपट्टा मारकर उसमें रखे 55 हजार रुपए निकाल लिए। भागते समय 4 हजार रुपए वहीं नीचे गिर गए, जबकि आरोपी 51 हजार रुपए लेकर फरार हो गया। पुलिस कर रही मामले की जांच वारदात के बाद वह किसी तरह अपने गांव भंभोल पहुंचीं और वहां के मौजिज लोगों को पूरी घटना बताई। इसके बाद ग्रामीणों के साथ वह जगाधरी सिटी थाना पहुंचीं और पुलिस को शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रहे है।
Source link
