गुरुग्राम जिले के भोंडसी थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार बुलेट बाइक की टक्कर से महिला सुरक्षा गार्ड की मौत हो गई। पुलिस ने अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला बादशाहपुर में स्थित एक निजी कंपनी में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत थीं। वहीं आरोपी बाइक को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने बाइक को अपने कब्जे में ले लिया। सोहना की सैनी कॉलोनी निवासी आकाश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी माता भगवती अपनी ड्यूटी खत्म कर पैदल अपने घर घामडौज लौट रही थीं। घामडौज टोल पार करने के बाद पीछे से आ रही बाइक संख्या HR 26 GD 7119 के चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी। इलाज के दौरान महिला ने तोड़ा दम हादसे में भगवती गंभीर रूप से घायल हो गईं। राहगीरों ने उन्हें तुरंत हीरो होंडा चौक स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंचे। अस्पताल में घायल भगवती ने अपने पुत्र को बताया कि उक्त बाइक चालक ने उन्हें पीछे से टक्कर मारी थी। उपचार के दौरान उनकी हालत लगातार बिगड़ती गई, जिसके बाद परिजन उन्हें सेक्टर-10 नागरिक अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। आरोपी बाइक सवार के खिलाफ केस दर्ज शिकायत के आधार पर भोंडसी थाना पुलिस ने अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 और 106(1) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और दुर्घटना के संबंध में आगे की जांच जारी है।
Source link
सोहना में बाइक की टक्कर से महिला गार्ड की मौत:ड्यूटी से पैदल ही लौट रही थी, बेटे की शिकायत पर FIR दर्ज
