सोनीपत शहर में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। शुक्रवार देर शाम बस स्टैंड स्थित मामा-भांजा चौक के नजदीक पैदल घर जा रहे एक युवक से बाइक सवार दो बदमाशों ने मोबाइल झपट लिया और फरार हो गए। पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पीड़ित युवक ने पुलिस को शिकायत देकर आरोपियों की गिरफ्तारी और मोबाइल बरामद करने की मांग की है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। फोन पर बात करते हुए जा रहा था युवक, बदमाशों ने बनाया निशाना सागर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह बीज मार्केट स्थित अपने सीएससी सेंटर से काम खत्म करने के बाद शुक्रवार शाम करीब आठ बजे पैदल घर लौट रहा था। जब वह मामा-भांजा चौक के पास पहुंचा तो मोबाइल फोन पर बातचीत कर रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार बाइक पर आए दो युवकों ने उसके हाथ से मोबाइल झपट लिया और कुछ ही सेकंड में मौके से फरार हो गए। पलक झपकते ही दो सेकेंड में वारदात घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि रात करीब 8:54 बजे एक युवक सड़क किनारे मोबाइल पर बात करते हुए जा रहा है। इसी दौरान पीछे से बाइक पर सवार दो युवक उसके पास पहुंचते हैं। फुटेज के अनुसार 8 बजकर 54 मिनट 25 सेकंड पर बाइक युवक के बिल्कुल पास आती है और महज दो सेकंड बाद 8 बजकर 54 मिनट 27 सेकंड पर पीछे बैठा युवक मोबाइल झपटकर फरार हो जाता है। पूरी घटना कुछ ही सेकंड में अंजाम दे दी जाती है। 28 हजार रुपये का था मोबाइल सागर ने बताया कि बदमाश जिस मोबाइल को झपटकर ले गए उसकी कीमत करीब 28 हजार रुपये है। वारदात के तुरंत बाद उसने पुलिस को शिकायत दी और आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ मोबाइल बरामद करने की मांग की। सागर का कहना है कि वह रोजाना अपने सीएससी सेंटर से पैदल ही घर आता-जाता है, लेकिन पहली बार इस तरह की घटना का शिकार हुआ है। बंद पड़े सीसीटीवी कैमरों पर उठाए सवाल पीड़ित सागर ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि इलाके में कई सरकारी सीसीटीवी कैमरे लंबे समय से बंद पड़े हैं। यदि ये कैमरे चालू हालत में होते तो अपराधियों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने में पुलिस को अधिक आसानी होती। उन्होंने प्रशासन से सार्वजनिक स्थानों पर लगे कैमरों को जल्द दुरुस्त कराने की मांग की। पीड़ित की माता ने भी उठाए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल सागर की माता भतेरी ने कहा कि बस स्टैंड जैसा संवेदनशील और भीड़भाड़ वाला क्षेत्र होने के बावजूद बदमाश बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पुलिस की ड्यूटी और नाके होने के बावजूद अपराधी आसानी से निकल जाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि शहर में बड़ी संख्या में बिना नंबर प्लेट की बाइकें सड़कों पर दौड़ रही हैं, लेकिन इनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही। पुलिस ने शुरू की जांच, जल्द गिरफ्तारी का दावा घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में ले ली है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। लिस ने दावा किया है कि जल्द ही मोबाइल झपटमारी की इस वारदात में शामिल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Source link
