रोहतक के गांव इस्माइला में पानी की डिग्गी के पास पड़े गर्दन कटे शव के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को काबू कर लिया है, जबकि हत्या का मुख्य आरोपी अभी फरार है। पुलिस मुख्य आरोपी को पकड़ने के लिए दबिश दे रही है, जिसे जल्द काबू कर लिया जाएगा। मुख्य आरोपी मृतक की गली में ही रहने वाला युवक है। मृतक की पहचान गांव ईस्माइला निवासी 26 वर्षीय नीरज पुत्र जयपाल के रूप में हुई थी, जिसका शव 14 जून को पानी की डिग्गी के अंदर पड़ा हुआ था। लोगों ने जब शव को देखा तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की थी। मृतक की गर्दन को काटकर अलग रखा हुआ था। पुलिस मामले में जांच कर रही है। बाइक पर नीरज के साथ नजर आए थे संदीप व राजेंद्र
मृतक नीरज शाम को करीब 5 बजे नहाने के बाद घर से निकला, जिसके बाद वह कुछ जगह लगे सीसीटीवी में दो युवकों के साथ बाइक पर नजर आया। नीरज बाइक पर अपने दोस्त संदीप व राजेंद्र के साथ दिखाई दिया था, जिन्होंने खेड़ी सांपला से वाइन ली और रोहतक पुल के नीचे उसे पिया। इसके बाद केएफसी पेट्रोल पंप से तेल डलवाया और दोनों दोस्तों ने नीरज को रास्ते में छोड़ दिया। पैदल घर जाते हुए रास्ते में मिले आरोपी
डीएसपी राकेश मलिक ने बताया कि जब नीरज शराब के नशे में पैदल अपने घर की तरफ जा रहा था, उसी दौरान रास्ते में 3 आरोपी उसे मिले, जो नीरज को अपने साथ लेकर चुलियाना मोड़ पर शराब के ठेके पर आए और शराब लेकर नहर की पटरी के रास्ते पानी की डिग्गी पर गए। पहले शराब पिलाई, फिर गला काटकर हत्या की
डीएसपी राकेश मलिक ने बताया कि आरोपियों ने पहले नीरज को शराब पिलाई। जब नीरज बेहोश होने लगा तो सिर में ईंट मार दी। इसके बाद शराब की बोतल ने गर्दन पर वार किया और कस्सी से सिर धड़ से अलग करके कुछ दूरी पर रख दिया। 5 साल पहले मुख्य आरोपी के परिवार से हुआ था झगड़ा
नीरज के परिवार का 5 साल पहले मुख्य आरोपी के परिवार से झगड़ा हुआ था। नीरज व मुख्य आरोपी सचिन दोनों एक ही गली में रहते हैं और दोनों के परिवार के बीच गली को लेकर ही विवाद हुआ था। उस दौरान नीरज के परिवार की तरफ से सचिन के पिता को चोट मारी गई थी, जिसका बदला लेने के लिए ही मुख्य आरोपी सचिन ने हत्या की वारदात को अंजाम दिया। 2 आरोपियों का अपराधिक रिकॉर्ड नहीं, मुख्य आरोपी पर 4 केस
डीएसपी राकेश मलिक ने बताया कि नीरज की हत्या के मामले में पकड़े गए दो आरोपी जतिन उर्फ बामण व रविंद्र उर्फ नान्हा पर पहले कोई केस दर्ज नहीं है। जतिन 10वीं फेल है जबकि रविंद्र 10वीं पास है। वहीं मुख्य आरोपी सचिन उर्फ काली पर 3 चोरी के केस व एक स्नैचिंग का केस दर्ज है। सचिन 3 जून को ही जमानत पर बाहर आया था। आरोपियों ने वारदात के दौरान बनाई वीडियो
डीएसपी राकेश मलिक ने बताया कि पकड़े गए दो आरोपियों में से एक आरोपी ने वारदात को अंजाम देते हुए का वीडियो भी बनाया हुआ है, जो उसके फोन से बरामद कर लिया है। वीडियो में नीरज की हत्या कैसे की गई, इसकी पूरी जानकारी है। मुख्य आरोपी को जल्द काबू करके आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने का काम किया जाएगा।
Source link
