सोनीपत जिले की अपराध शाखा ने जानलेवा हमले के एक मामले में 10 हजार रुपए के इनामी बदमाश सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सोनीपत के अटेरना निवासी गौतम और भैरा बांकेपुर निवासी पवन के रूप में हुई है। आरोपी गौतम पर हरियाणा पुलिस महानिरीक्षक, स्टेट क्राइम द्वारा 12 जून 2026 को इनाम घोषित किया गया था। सोनीपत पुलिस प्रवक्ता एएसआई रविंद्र सिंह ने गुरुवार को बताया कि यह मामला राई थाने में दर्ज किया गया था। शिकायत के अनुसार, 3 जनवरी 2026 की रात को हिमांशु नामक युवक मूंगफली लेने घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। अगली सुबह वह चौक पर लहूलुहान और बेहोशी की हालत में मिला। उसके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें थीं और कपड़े भी भीगे हुए थे। सीसीटीवी फुटेज से हुई थी पहचान हिमांशु की हालत नाजुक होने के कारण उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पुलिस ने गली में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें एक संदिग्ध गाड़ी दिखाई दी। इसी गाड़ी से उतरकर आरोपियों ने हिमांशु को वहां फेंका था। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर एक आरोपी की पहचान सतीश उर्फ कलवा के रूप में हुई। होश में आने पर पीड़ित हिमांशु ने पुलिस को बताया कि कलवा और उसके दोस्त उसे बहला-फुसलाकर ले गए थे। उन्होंने डंडों से उसकी बेरहमी से पिटाई की और उसे नहर में डुबाकर मारने की कोशिश भी की थी। पूछताछ के लिए 3 दिन की रिमांड पर लिया इस संबंध में राई थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत जानलेवा हमले का मामला दर्ज किया गया था। क्राइम यूनिट की टीम ने कार्रवाई करते हुए गौतम और पवन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट के आदेश पर मुख्य आरोपी गौतम को वारदात में प्रयुक्त सामान की बरामदगी और गहन पूछताछ के लिए तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। उसके साथी पवन को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
Source link
सोनीपत में 10 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार:साथी भी पकड़ा गया, युवक को नहर में डूबोकर मारने की कोशिश की
