![]()
सोनीपत जिले के बहालगढ़ थाना क्षेत्र में स्थित दावत राइस मिल परिसर में कार्यरत 24 वर्षीय युवक की ऊंचाई से गिरने के कारण मौत हो गई। हादसे के बाद मृतक के परिजनों और साथियों ने कंपनी प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि कर्मचारियों को बिना पर्याप्त सुरक्षा इंतजामों के ऊंचाई पर काम कराया जा रहा था। युवक की आगामी जुलाई माह में शादी होने वाली थी, लेकिन उससे पहले ही हुए इस हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। तीन महीने पहले रोजगार की तलाश में आया सोनीपत मृतक के भाई रवि ने बताया कि अभि (24) उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले का रहने वाला था। परिजनों के अनुसार वह करीब 3 महीने पहले अपने भाइयों के साथ रोजगार की तलाश में सोनीपत आया था। कंपनी में उसकी जॉइनिंग 27 अप्रैल को हुई थी और वह सोलर प्लेटों की सफाई का कार्य करता था। अभि 12वीं कक्षा तक पढ़ा था और परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए घर से दूर नौकरी कर रहा था। 35 फुट ऊंचाई पर कर रहा था काम जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह अभि अपने साथियों के साथ कंपनी परिसर में लगी सोलर प्लेटों की सफाई करने के लिए ऊपर चढ़ा था। बताया जा रहा है कि वह करीब 35 फुट की ऊंचाई पर काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर गया। हादसा इतना गंभीर था कि उसे मौके पर ही गंभीर चोटें आईं। सहकर्मियों ने तुरंत उसे कंपनी की एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बिना सेफ्टी बेल्ट के कराया जा रहा था काम अभि के साथी सचिन ने आरोप लगाया कि कंपनी कर्मचारियों को बिना सेफ्टी बेल्ट और अन्य जरूरी सुरक्षा उपकरणों के ही ऊंचाई पर काम करने के लिए भेजती थी। उनके अनुसार कर्मचारियों को केवल हेलमेट उपलब्ध कराया गया था, जबकि ऊंचाई पर कार्य करने के लिए आवश्यक सुरक्षा किट नहीं दी गई। उन्होंने दावा किया कि पिछले करीब एक महीने से कर्मचारी इसी तरह जोखिम भरे हालात में काम कर रहे थे और कई बार सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई गई थी। परिवार का आरोप, कंपनी की लापरवाही बनी मौत का कारण हादसे के बाद मृतक के परिजनों ने कंपनी प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि यदि सुरक्षा मानकों का पालन किया गया होता और कर्मचारियों को उचित उपकरण दिए गए होते तो अभि की जान बच सकती थी। परिवार का आरोप है कि कंपनी ने कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई, जिसका खामियाजा एक युवा कर्मचारी को अपनी जान देकर भुगतना पड़ा। पुलिस को सूचना देने में देरी का भी आरोप मृतक के चचेरे भाई ने आरोप लगाया कि हादसे के बाद पुलिस को समय पर सूचना नहीं दी गई। उनका कहना है कि कंपनी के एचआर अधिकारियों द्वारा पुलिस को सूचना देने की बात कही गई थी, लेकिन कई घंटे बीत जाने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया और कागजी कार्रवाई शुरू की गई। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। शादी की तैयारियों के बीच छाया मातम अभि परिवार का सबसे बड़ा बेटा था। परिजनों ने बताया कि उसकी सगाई 17 मार्च को हुई थी और आगामी 6 जुलाई को उसकी शादी तय थी। परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं और सभी लोग खुशियों के माहौल में थे। लेकिन अचानक हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। गांव में भी युवक की मौत की खबर पहुंचते ही शोक की लहर फैल गई। किराए के मकान में रहता था अभि सोनीपत में अपने छोटे भाई, बड़े भाई और चचेरे भाइयों के साथ जाट जोशी क्षेत्र में किराये के मकान में रहता था। उसके पिता उत्तर प्रदेश में खेती-बाड़ी का काम करते हैं। परिवार की आर्थिक मदद करने के उद्देश्य से वह नौकरी कर रहा था। अब उसकी असमय मौत के बाद परिवार के सामने भावनात्मक और आर्थिक दोनों तरह का संकट खड़ा हो गया है। पुलिस ने शुरू की जांच बहालगढ़ थाना पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस का कहना है कि हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों और कंपनी में सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति की भी जांच की जाएगी। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
शादी से एक महीने पहले युवक की मौत:सोनीपत के राइस मिल में 35 फुट ऊंचाई से गिरा, सोलर प्लेट साफ कर रहा था







