Related Posts

लुधियाना में दुकान के बाहर तलवारें और ईंट-बोतलें चलीं:सामान रखने को लेकर दुकानदार भिड़े, पगड़ी उछालने का आरोप; वारदात CCTV में कैद




लुधियाना के फील्ड गंज इलाके (कूचा नंबर 7) में 2 दुकानदारों के बीच दुकान के बाहर सामान (अड्डा) लगाने को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर ईंट-पत्थर, बोतलें और तेजधार हथियार चले। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आ गया है, जिसमें दोनों पक्ष हमला करते हुए नजर आ रहे हैं। वारदात में दोनों गुटों के कई लोग घायल हुए हैं और अस्पताल में भर्ती हैं। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं पहले पक्ष का आरोप: दुकान में घुसकर जानलेवा हमला किया हरप्रीत चावला ने बताया कि उनके बड़े भाई जगजीत सिंह चावला की कूचा नंबर 7 में गुड्डी दी हट्टी (कॉस्मेटिक्स और डायपर) के नाम से दुकान है। उनके मुताबिक, पड़ोस की दुकान का वर्कर अक्सर उनके भाई की दुकान के आगे अपना सामान लगा देता था। हमले का दावा: जब उसे रोका गया, तो कुछ लोगों ने आकर उनके भाई पर जानलेवा हमला कर दिया। हरप्रीत के अनुसार बीच-बचाव के बाद भी 3-4 लोग हथियार लेकर उनकी दुकान के अंदर घुस गए और उनके भाई की गर्दन और सिर पर वार किया।हरप्रीत ने सीसीटीवी फुटेज होने का दावा करते हुए कहा है कि अगर प्रशासन ने उन्हें इंसाफ नहीं दिया, तो वे फील्ड गंज बाजार बंद करवाकर बड़ा धरना देंगे। दूसरे पक्ष का आरोप: जातिसूचक गालियां दीं और पगड़ी उछाली वहीं दूसरे पक्ष के शिमलापुरी निवासी चनप्रीत सिंह (जिनकी सामने ही में दुकान है) ने चावला परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। चनप्रीत ने बताया कि जब वह अपना सामान लगा रहा था, तो दूसरे पक्ष ने उसकी जगह घेरी हुई थी। सामान हटाने को कहने पर दूसरे पक्ष ने उसे जातिसूचक गालियां दीं और हाथापाई करते हुए उसकी पगड़ी को हाथ डाला और दोनों भाइयों ने मिलकर पगड़ी उछाल दी। हथियारों से हमले का दावा: चनप्रीत का आरोप है कि दूसरे पक्ष ने उन पर बोतलों, ईंटों और कृपाण (तेजधार हथियार) से हमला किया है, जिससे उनके शरीर पर कांच और चोट के निशान हैं। चनप्रीत ने अपने पास किसी भी तरह के हथियार होने से इनकार किया है और मांग की है कि पगड़ी की बेअदबी और जातिसूचक शब्द इस्तेमाल करने के आरोप में दूसरे पक्ष पर FIR दर्ज की जाए। MLR रिपोर्ट का है इंतजार: पुलिस जांच कर रहे एएसआई (ASI) शिंदर सिंह ने बताया कि यह पूरा विवाद 2 दुकानों के सामने सामान रखने को लेकर शुरू हुआ था। झगड़े के बाद दोनों पक्ष अस्पताल में भर्ती हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले से जुड़े सीसीटीवी फुटेज सामने आ गए हैं। फिलहाल पुलिस को अस्पताल से मेडिकल रिपोर्ट (MLR) मिलने का इंतजार है। रिपोर्ट मिलते ही, मेडिकल और सीसीटीवी साक्ष्यों के आधार पर जो भी कानूनी कार्रवाई बनती होगी, वह की जाएगी।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें