लुधियाना के थाना डिवीजन नंबर 3 के अंतर्गत आते नीला झंडा गुरुद्वारा रोड न्यू शिवाजी नगर इलाके में उस वक्त दहशत फैल गई जब करीब 10 हमलावरों ने दो युवकों पर सरेआम जानलेवा हमला कर दिया। हमलावर अपने हाथों में ट्यूबलाइट और तेजधार हथियार लिए हुए थे। पूरी वारदात पास ही लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है फैक्ट्री में घुसने की कोशिश, गाड़ी के शीशे तोड़े फैक्ट्री मालिक राहुल ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि वह अपनी फैक्ट्री के भीतर मौजूद थे तभी अचानक गलियों में शोर-शराबे और चीखने-चिल्लाने की आवाजें सुनाई दीं। जब उन्होंने बाहर आकर देखा तो मंजर खौफनाक था। लगभग 10 युवक 2 लड़कों को बुरी तरह घेरकर पीट रहे थे। हमलावरों के पास तेजधार हथियार और ट्यूबलाइट्स थीं,जिनसे वे युवकों पर ताबड़तोड़ वार कर रहे थे। राहुल ने बताया कि अगर वे समय रहते अंदर न होते, तो हमलावर फैक्ट्री के भीतर घुसकर भी बड़ी वारदात को अंजाम दे सकते थे। इस दौरान हमलावरों ने राहुल की गाड़ी को भी निशाना बनाया और उसे काफी नुकसान पहुँचाया। पुलिस को देख बाइक छोड़ भागे हमलावर वारदात की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। जैसे ही पुलिस की पीसीआर गाड़ी मौके पर पहुँची हमलावर घबरा गए। वे पकड़े जाने के डर से अपनी मोटरसाइकिलें वहीं छोड़कर तंग गलियों से फरार हो गए। पुलिस ने मौके से हमलावरों की बाइक बरामद कर ली है। क्या कहती है पुलिस? मामले की जांच कर रहे जांच अधिकारी अमरजीत सिंह ने बताया हमें सूचना मिली थी कि दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हो रही है। जब पुलिस टीम मौके पर पहुँची तो आरोपी वहां से भाग निकले। हमने घटनास्थल से एक लावारिस मोटरसाइकिल बरामद की है। गाड़ी के नंबर के जरिए आरोपियों की पहचान की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया गया है और जल्द ही सभी आरोपी सलाखों के पीछे होंगे।
Source link
