फाजिल्का जिले के गांव बारेका के निकट सीमा क्षेत्र में बीएसएफ और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में बाइक सवार दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 9994 प्रतिबंधित प्रेगाबालिन कैप्सूल बरामद किए गए हैं। आरोपियों को बीएसएफ ने पकड़कर थाना खुईखेड़ा पुलिस के ह
.
एसपी तरुण रतन ने बताया कि 18 जून को बीएसएफ की 55 बटालियन के बीओपी रूपनगर के कंपनी कमांडर इंस्पेक्टर सुरेश कुमार अपने सहयोगी कर्मचारियों और पुलिस टीम के साथ सीमा क्षेत्र में नाकाबंदी कर रहे थे। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवक नाके की ओर आते दिखाई दिए।
पुलिस और बीएसएफ कर्मियों ने उन्हें रुकने का संकेत दिया, लेकिन उन्होंने मोटरसाइकिल की रफ्तार बढ़ाकर भागने का प्रयास किया। शक के आधार पर टीम ने दोनों युवकों को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान मोटरसाइकिल पर रखे एक गत्ते के डिब्बे से कुल 9994 प्रेगाबालिन कैप्सूल बरामद हुए।
पूछताछ में हुई आरोपियों की पहचान
पूछताछ में आरोपियों की पहचान बूटा सिंह पुत्र मोहन सिंह निवासी न्यौली कलां, जिला हिसार (हरियाणा) और गुरप्रीत सिंह पुत्र अवतार सिंह निवासी पक्की कोठा, हिन्दुमल कोट (राजस्थान) के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास इन कैप्सूलों के संबंध में कोई वैध लाइसेंस, परमिट या दस्तावेज नहीं मिला।
इसके बाद थाना खुईखेड़ा में मुकदमा नंबर 101 के तहत धारा 223 बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। बरामद नशीले कैप्सूल और मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल करेगी। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किसे सप्लाई किया जाना था। तस्करों के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक भी खंगाले जा रहे हैं।
