![]()
रेवाड़ी सीआईए टीम ने अवैध हथियार सप्लाई करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान रोहतक जिले के गांव बहाली आनंदपुर निवासी विकास उर्फ मोटू के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया है। आरोपी पर पहले गिरफ्तार किए गए युवक को अवैध हथियार उपलब्ध कराने का आरोप है। सीआईए प्रभारी इंस्पेक्टर संजय कुमार के नेतृत्व में टीम ने 5 जून को गोकलगढ़ फाटक के पास कार्रवाई की थी। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक अवैध हथियार लेकर घूम रहा है। सूचना के आधार पर छापेमारी कर आरोपी मनिंदर निवासी गांव गोकलगढ़ को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक देसी पिस्टल, एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। इस संबंध में आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था। पूछताछ में सामने आया हथियार सप्लायर का नाम पुलिस रिमांड के दौरान मनिंदर से पूछताछ में खुलासा हुआ कि उसे अवैध हथियार विकास उर्फ मोटू ने उपलब्ध कराए थे। इसके बाद पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी कर विकास को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर लिया। आगे की जांच जारी पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उसने अब तक कितने लोगों को हथियार सप्लाई किए हैं और उसके नेटवर्क में कौन-कौन शामिल है। मामले में आगे की जांच जारी है।
Source link







