![]()
रेवाड़ी में दो युवक सम्मोहित कर फौजी की पत्नी के 12 ग्राम के कुंडल उतरवाकर फरार हो गए। एक युवक ने महिला को बातों में उलझाकर रखा। दिल्ली जाने की बात कहकर महिला से 520 रुपए की सहायता मांगी। फिर दूसरे साथी ने पहुंचकर महिला को सम्मोहित किया। पूरी वारदात बाजार में लगे एक सीसीटीवी में कैद हो गई। महिला को जब तक अपने साथ ही धोखाधड़ी का अहसास हुआ, तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। जिसके बाद महिला ने गोकल गेट चौकी पुलिस में शिकायत दी और सचिवालय पहुंचकर डीसी-एसपी से अपने कुंडल वापस करवाने की गुहार लगाई। गांव गिन्दोखर निवासी महिला का एक बेटा बंगलौर में एक्साइज इंस्पेक्टर और दूसरा नागपुर में मिल्ट्री में पोस्टिड है। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। दांत दर्द की दवा लेने रेवाड़ी आई गांव गिन्दोखर निवासी कुसुमलता ने बताया कि उसके पति सेना से रिटायर है। उसके दांतों में दर्द था। 18 जून की सुबह अस्पताल पहुंची और दवा लेने के बाद स्कूटी वहीं खड़ी कर बाजार में सामान लेने चली गई। वापसी में एक लड़का मिला। जिसने कहा कि वह नौकरी करता था। मालिक ने उसे निकाल दिया। अब उसे धारूहेड़ा जाना है। जिस पर मैने उसे 20 रुपए देकर ऑटो से बस स्टैंड जाने की सलाह दी। इसके बाद वह लड़का मेरे साथ चलता रहा और दिल्ली जाने की बात कही। जिस पर मैने उसे 500 रुपए और दे दिए। लड़का फिर भी मेरे साथ चलता रहा। दूसरे ने आकर झटकाया रूमाल उन्होंने बताया कि फिर अचानक एक दूसरा लड़का हमारे पास आ गया। जिसने मेरे पास आकर रूमाल झड़काना शुरू कर दिया। इसके बाद मुझे जो उन्होंने कहा, मैं करती गई। फिर एक दुकान के सामने मेरे कानों से कुंडल उतरवाकर एक कपड़े में डालकर मेरे थैले में डाल दिए। प्यास लगने पर जब पानी पीने चली गई, वापस लौटी तो दोनों युवक गायब मिले। जांच करने पर थैले में डाले गए रूमाल में 10 का नोट मिला। सचिवालय में डीसी-एसपी को बताया कुसुमलता ने बताया कि जिसके बाद उसने अपने साथ हुई धोखाधड़ी की शिकायत गोकलगेट पुलिस चौकी में की। चौकी में शिकायत करने के बाद अस्पताल से अपनी स्कूटी उठाकर सचिवालय पहुंची। जहां पहले डीसी और फिर एसपी को घटना की जानकारी देते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। महिला ने कहा कि सीसीटीवी में दोनों युवकों के चेहरे स्पष्ट दिख रहे हैं। इसके बावजूद पुलिस अभी तक आरोपियों का पता नहीं लगा पाई है। महिला ने कहा कि जगह-जगह लगे पुलिस नाकों और हजारों पुलिसकर्मियों के होते हुए जब सीमा पर देश की रक्षा करने वाले सैनिक की पत्नी और मां ही सुरक्षित नहीं है तो फिर आम आदमी क्या उम्मीद कर सकता है। मामले की चल रही जांच गोकल गेट चौकी इंचार्ज नरेश कुमार ने कहा कि महिला की शिकायत पर तत्काल केस दर्ज कर लिया था। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज लिए है। जिनसे आरोपियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
Source link
रेवाड़ी में फौजी की पत्नी के कुंडल उतरवाए, VIDEO:बाजार में महिला को बातों में फंसाया; रूमाल घुमाकर किया सम्मोहित







