यमुनानगर के छछरौली क्षेत्र में रात लेदी जंगल के रास्ते पर सोम नदी के पुल पर एक तेंदुआ घूमता हुआ दिखाई दिया। रास्ते से गुजर रहे कुछ राहगीरों और राजमिस्त्रियों ने तेंदुए का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि यह सड़क दिन-रात व्यस्त रहती है और रात के समय भी इस मार्ग से बड़ी संख्या में वाहन गुजरते हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेंदुआ कुछ देर तक पुल पर टहलता रहा। इस दौरान वह लंगड़ाकर चलता हुआ दिखाई दे रहा था। कुछ समय बाद वह सड़क छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए वापस जंगल की ओर चला गया। 2 साल पहले बाइक की टक्कर से घायल हुआ था वन्य प्राणी निरीक्षक लीलू राम ने बताया कि वीडियो की जानकारी विभाग को भी मिली है। प्रारंभिक जांच में यह वही तेंदुआ प्रतीत हो रहा है, जो पिछले करीब दो वर्षों से छछरौली के जंगलों में समय-समय पर दिखाई देता रहा है। उन्होंने बताया कि तेंदुआ पहले भी कई बार जंगल से बाहर सड़क किनारे और आसपास के क्षेत्रों में नजर आ चुका है। वन विभाग के अनुसार, करीब दो वर्ष पहले प्रतापनगर-भूड़ कलां रोड पर भूड़ कलां बिजली सब स्टेशन के पास एक तेंदुआ बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गया था। माना जा रहा है कि वही तेंदुआ अब भी इस क्षेत्र में विचरण कर रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा बताए गए लंगड़ाकर चलने के कारण भी इस संभावना को बल मिल रहा है। कुछ दिन पहले रामपुर खदरी में आया था नजर कुछ दिन पहले भी रामपुर खदरी गांव के खेतों में तेंदुआ दिखाई देने की सूचना मिली थी। उस समय भी स्थानीय लोगों ने दूर से उसका वीडियो बनाया था। लगातार अलग-अलग स्थानों पर तेंदुए के दिखाई देने से ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है। किसान और ग्रामीण अब शाम ढलने के बाद खेतों और जंगल से सटे इलाकों में जाने से बच रहे हैं। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं तेंदुआ दिखाई दे, तो उसके पास जाने, उसे घेरने या भगाने की कोशिश न करें। तुरंत वन विभाग या स्थानीय प्रशासन को सूचना दें। साथ ही रात के समय जंगल से गुजरने वाले मार्गों पर सावधानी बरतें और अकेले आवाजाही से बचें। विभाग का कहना है कि तेंदुआ आमतौर पर इंसानों पर तभी हमला करता है, जब उसे खतरा महसूस होता है या उसे घेर लिया जाता है।
Source link
