हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त ने शुक्रवार को पलवल में पार्टी कार्यकर्ताओं संग संवाद मीटिंग की। उन्होंने कहा कि, भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों को संगठित ढंग से जनता के बीच ले जाना होगा। उन्होंने जोर दिया कि संगठन ही किसी भी राजनीतिक दल की वास्तविक ताकत और रीढ़ होता है। मजबूत संगठन के बल पर ही सत्ता परिवर्तन संभव है। कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त ने आरोप लगाया कि हरियाणा की जनता भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों, बढ़ती बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार और प्रशासनिक विफलताओं से त्रस्त है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश का हर वर्ग बदलाव चाहता है और कांग्रेस जनता की उम्मीदों का सबसे मजबूत विकल्प बनकर उभर रही है। सरकार का रवैया लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ : संजय दत्त उन्होंने हाल ही में प्रतियोगी परीक्षाओं में हुई गड़बड़ियों और छात्रों के आंदोलनों का भी जिक्र किया। दत्त ने कहा कि इन आंदोलनों के दौरान सरकार का रवैया लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत रहा और छात्रों की आवाज दबाने के लिए बल प्रयोग किया गया। उन्होंने घोषणा की कि कांग्रेस इस अन्याय के खिलाफ लगातार संघर्ष करती रहेगी। संजय दत्त ने कार्यकर्ताओं को बूथ प्रबंधन, मतदाता संपर्क और चुनावी रणनीति के व्यावहारिक सुझाव दिए। उन्होंने कांग्रेस को सभी वर्गों, समुदायों और ‘छत्तीस बिरादरी’ की पार्टी बताते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर संघर्ष करने का आह्वान किया। एसआईआर को लेकर सतर्क रहने की भी अपील उन्होंने मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर सतर्क रहने की भी अपील की, ताकि नई सूची में किसी पात्र मतदाता का नाम न कटे और कोई अपात्र व्यक्ति शामिल न हो। इस अवसर पर कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने बताया कि वे हरियाणा प्रभारी संजय दत्त के साथ पूरे प्रदेश का दौरा कर संगठन को नए सिरे से मजबूत करने के अभियान में लगे हुए हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रत्येक जिले में सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ताओं को संगठन में उचित जिम्मेदारी दी जाएगी। मजबूती और निष्ठा के साथ कार्य किया जा रहा : जिलाध्यक्ष जिला कांग्रेस अध्यक्ष नेत्रपाल अधाना ने हरियाणा प्रभारी एवं प्रदेशाध्यक्ष को विश्वास दिलाया कि पलवल जिला कांग्रेस संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य किया जा रहा है। इस अवसर पर कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष उदयभान, पूर्व कैबिनेट मंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता करण सिंह दलाल, संतराम मेघवाल, सविता चौधरी, संगठन महासचिव देवेंद्र शर्मा, कोषाध्यक्ष विकेश खंडेलवाल, भूपेंद्र नौहवार, राहित खान व इरफान खान सहित काफी संख्या में पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे।
Source link
पलवल में कांग्रेस प्रभारी ने साधा सरकार पर निशाना:संजय दत्त बोले- जनविरोधी नीतियों को जनता तक पहुंचाना होगा, मजबूत संगठन से सत्ता परिवर्तन संभव
