यमुनानगर में 10 साल पहले हुई शादी के बाद एक विवाहिता ने अपने पति समेत छह ससुरालियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में मामला दर्ज कराया है। महिला का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही उसे दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया गया। उससे पहले मोटरसाइकिल और एक लाख रुपये, फिर 10 लाख रुपये की मांग की गई। मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट की गई, गाली-गलौज की गई और कई बार घर से निकाल दिया गया। महिला ने अपने पति पर शराब के नशे में उसकी इच्छा के विरुद्ध अप्राकृतिक शारीरिक संबंध बनाने का भी आरोप लगाया है। थाना सदर जगाधरी पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति सहित छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस को दी शिकायत में गांव कैल निवासी एक महिला ने बताया कि उसकी शादी 2015 को गांव भट्टूवाला निवासी कुलवंत के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही पति, सास-ससुर, देवर, ननद और ननदोई ने यह कहकर प्रताड़ित करना शुरू कर दिया कि दहेज कम मिला है और मोटरसाइकिल नहीं दी गई। इसके बाद उससे पहले मोटरसाइकिल और 10 लाख रुपये की मांग की जाने लगी। शराब पीकर करता था मारपीट, पंचायत के बाद भी नहीं बदला व्यवहार महिला ने कहा कि उसका पति शराब के नशे में अक्सर उसके साथ मारपीट करता था और परिवार के अन्य सदस्य उसे उकसाते थे। कई बार मारपीट कर उसे मायके छोड़ दिया गया। हर बार दोनों परिवारों और ग्रामीणों की पंचायत में समझौता होने पर वह ससुराल लौटती, लेकिन कुछ दिन बाद फिर से प्रताड़ना शुरू हो जाती थी। महिला ने आरोप लगाया कि मार्च 2025 में रसोई का सामान लाने की बात कहने पर पति और अन्य परिजनों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। इसके बाद उसे उसके छोटे बेटे सहित घर से धक्के देकर निकाल दिया और दोबारा लौटने पर जान से मारने की धमकी दी। तब से वह अपने मायके में रह रही है। उसने यह भी आरोप लगाया कि उसका स्त्रीधन आज भी ससुराल पक्ष के कब्जे में है। पति पर अप्राकृतिक संबंध बनाने का आरोप शिकायत में महिला ने पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वह शराब के नशे में उसकी इच्छा के विरुद्ध अप्राकृतिक शारीरिक संबंध बनाता था। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी। इसके अलावा पति ने उसकी अनपढ़ता का फायदा उठाकर उसके नाम पर यमुनानगर को-ऑपरेटिव बैंक से लोन लिया, जिसकी पूरी राशि खुद रख ली, जबकि उसकी किश्तें वह स्वयं दिहाड़ी मजदूरी करके चुका रही है। महिला ने जनवरी 2026 में भी पुलिस अधीक्षक को शिकायत दी थी। इसके बाद मामला मेडिएशन सेंटर पहुंचा, जहां समझौते की कोशिश हुई, लेकिन विवाद खत्म नहीं हुआ। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पति कुलवंत, ससुर राजकुमार, सास चरणो देवी, देवर रिंकू, ननद सीमा और ननदोई रिंकू के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Source link
यमुनानगर में विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाला:दहेज में बाइक-नकदी मांगने व पति पर अप्राकृतिक संबंध बनाने के आरोप, 6 ससुरालियों पर FIR
