Related Posts

फोन लोकेशन ट्रेस करते हुए शव तक पहुंची पुलिस:यमुनानगर कोर्टकर्मी मौत केस, दो अलग-अलग जगह हुआ ट्रेस, बेटे के ससुरालियों पर केस दर्ज




यमुनानगर के गांव कैत के पास सड़क किनारे झाड़ियों में मिले कोर्ट कर्मचारी गुरमेल सिंह के शव मामले में पुलिस ने मृतक के बेटे सुमित के ससुराल पक्ष के छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने मृतक के भांजे की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ सामूहिक रूप से हत्या करने और आपराधिक षड्यंत्र रचने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। मामले की जांच हत्या के एंगल से की जा रही है। पुलिस के अनुसार जिन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है, उनमें मृतक के इंटरकास्ट लव मैरिज करने वाले बेटे के ससुर सिंटू निवासी निचला लापरा, उसका चाचा संजय, साले योगेंद्र और मुकेश, मनीष तथा प्रिंस शामिल हैं। परिजनों के आरोपों के आधार पर पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। मोबाइल की लोकेशन ट्रेस करते हुए शव तक पहुंची पुलिस इस डेथ मिस्ट्री में एक अहम तथ्य सामने आया है। रविवार सुबह गुरमेल सिंह रोजाना की तरह सैर के लिए घर से निकले थे। करीब दो घंटे तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने कलानौर पुलिस चौकी में उनकी गुमशुदगी की सूचना दी। इसके बाद पुलिस और परिजनों ने आसपास के क्षेत्रों में उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। तलाश के दौरान पुलिस ने गुरमेल सिंह के मोबाइल फोन की लोकेशन ट्रेस कराई। पहली लोकेशन बहरामपुर चौक और साबापुर के बीच मिली। कुछ देर बाद दोबारा लोकेशन ट्रेस की गई तो मोबाइल की लोकेशन बहरामपुर चौक से गांव कैत के बीच दिखाई दी। लोकेशन के आधार पर पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे तो कैत मेन रोड के किनारे झाड़ियों में गुरमेल सिंह का शव पड़ा मिला। घटनास्थल के पास कार के टायरों के निशान भी मिले। गुरमेल के शरीर पर रगड़ और चोट के निशान पाए गए, जिसके बाद हत्या की आशंका और गहरा गई। घटनास्थल के सामने लगे पंचायती सीसीटीवी मिले बंद जिस स्थान पर गुरमेल सिंह का शव मिला, उसके ठीक सामने पंचायत की ओर से लगाए गए सीसीटीवी कैमरे मौजूद हैं, लेकिन जांच के दौरान वे बंद पाए गए। यदि कैमरे चालू होते तो घटनास्थल पूरी तरह उनकी निगरानी में रहता और मामले के खुलासे में काफी मदद मिल सकती थी। पुलिस को पास की एक दुकान पर भी सीसीटीवी कैमरा मिला है, लेकिन कैमरे और घटनास्थल के बीच काफी दूरी होने तथा बीच में घनी झाड़ियां होने के कारण घटनास्थल स्पष्ट रूप से रिकॉर्ड नहीं हो पाया। अब पुलिस सड़क किनारे अन्य दुकानों और प्रतिष्ठानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि घटना से जुड़े अहम सुराग मिल सकें। बेटे के ससुराल पक्ष से रंजिश का आरोप, पुराना वीडियो भी आया सामने गुरमेल सिंह के परिजनों ने बेटे सुमित के ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि सुमित ने इंटरकास्ट प्रेम विवाह किया था, जिसके बाद से लड़की के पिता सिंटू, चाचा संजय, भाई योगेंद्र, मुकेश और उनके रिश्तेदार मनीष निवासी सहारनपुर सहित अन्य लोग उनसे रंजिश रखते थे। परिजनों का यह भी आरोप है कि घटना से करीब तीन दिन पहले गांव के प्रिंस नामक युवक के पास कुछ लोग आए थे। प्रिंस ने उन लोगों को गुरमेल सिंह की पहचान कराई थी। इस बात की जानकारी मिलने पर गुरमेल की पत्नी ने प्रिंस के परिजनों से आपत्ति जताई थी। जवाब में उन्हें बताया गया कि निचला लापरा के कुछ लोग प्रिंस के पास आते-जाते रहते हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्रिंस को भी इस मामले में आरोपी बनाया है। मामले में एक पुराना वीडियो भी सामने आया है, जिसे पिछली सर्दियों का बताया जा रहा है। गुरमेल के परिजनों का दावा है कि इस वीडियो में लड़की के परिजन उनके घर पहुंचकर उन्हें धमकी देते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस वीडियो की भी जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उसका इस मामले से कोई संबंध है या नहीं।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें