यमुनानगर जगाधरी की अशोक विहार कॉलोनी में मकान की मरम्मत और पेंट का काम करने आए एक मजदूर ने भरोसे का फायदा उठाकर घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। वारदात का खुलासा तब हुआ, जब मकान मालिक ने पत्नी से जेवर बैंक लॉकर में रखने के लिए कहा और अलमारी की जांच करने पर सभी जेवर गायब मिले। शिकायत के बाद सक्रिय हुई स्पेशल सेल ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सोने के जेवर भी बरामद कर लिए हैं। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। काम खत्म कर वापिस नहीं लौटा था आरोपी स्पेशल सेल प्रभारी रमन चंदेल ने बताया कि अशोक विहार कॉलोनी, जगाधरी निवासी वीरेंद्र पाल ने पुलिस को शिकायत दी थी कि उनके घर में मरम्मत और पेंट का काम चल रहा था। इस दौरान मोहन नगर निवासी राजीत यादव उनके घर में पेंटिंग का कार्य कर रहा था। 21 जून को वह अपना काम समाप्त कर घर चला गया और इसके बाद दोबारा काम पर नहीं आया। 26 जून को वीरेंद्र पाल ने अपनी पत्नी से अलमारी में रखे सोने के जेवर बैंक के लॉकर में रखने के लिए कहा। जब पत्नी ने अलमारी की जांच की तो उसमें रखे सभी सोने के जेवर गायब मिले। इसके बाद संबंधित थाने में चोरी का मामला दर्ज किया गया। निशानदेही पर जेवर कराए बरामद मामले की गंभीरता को देखते हुए उप निरीक्षक गुरदयाल सिंह के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। टीम ने मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी राजीत यादव पुत्र हरिराम यादव, निवासी मोहन नगर, जगाधरी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए सोने के जेवर बरामद किए गए। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
Source link
यमुनानगर में पेंट करने आए युवक ने चुराए गहने:काम खत्म कर दोबारा नहीं लौटा आरोपी, मालिक को बैंक में जमा कराने थे जेवर
