![]()
यमुनानगर स्थित कलेसर नेशनल पार्क से जंगली जानवरों के आबादी और खेतों की तरफ आने का सिलसिला लगातार जारी है। पिछले कुछ दिनों में जहां कलेसर क्षेत्र में तेंदुए और अजगर सांप अलग-अलग स्थानों पर कई बार दिखाई दे चुके हैं, वहीं अब जंगली हाथी भी जंगल से बाहर निकलकर आबादी के नजदीक पहुंचने लगे हैं। सोमवार देर शाम एक जंगली हाथी कलेसर गांव की आबादी में घुस आया। हाथी को देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। गांव के पालतू कुत्तों ने हाथी को देखकर भौंकना शुरू कर दिया और उसका पीछा करने लगे। कुत्तों के लगातार पीछे पड़ने पर हाथी चिंघाड़ता हुआ जंगल की ओर लौट गया। ग्रामीणों के मुताबिक, बीते करीब 20 दिनों में यह तीसरी बार है, जब हाथी जंगल से निकला। ग्रामीणों का कहना है कि कलेसर जंगल से बाहर आने वाला यह हाथी पिछले तीन-चार दिनों से क्षेत्र में घूम रहा है। हाथी आम के बागों में पहुंचकर पेड़ों को नुकसान पहुंचा रहा है। सोमवार शाम भी हाथी कलेसर गांव के पूर्व सरपंच के घर के नजदीक तक पहुंच गया। उस समय आसपास मौजूद लोगों को जब हाथी दिखाई दिया, तो उन्होंने दूसरे ग्रामीणों को भी सतर्क किया। कुत्तों के घेरने पर आक्रामक हुआ हाथी ग्रामीणों के अनुसार, हाथी के आबादी के पास आने के बाद गांव के पालतू कुत्तों ने उसे देखकर भौंकना शुरू कर दिया। कई कुत्ते हाथी के पीछे दौड़ पड़े। कुत्तों को अपने पीछे आता देखकर हाथी अचानक चिंघाड़ने लगा और उनकी ओर लपका। इससे कुत्ते पीछे हट गए। काफी देर तक कुत्तों के भौंकने और आसपास लोगों की हलचल के बाद हाथी ने आबादी से दूरी बनानी शुरू कर दी और वापस जंगल की तरफ चला गया। हाथी के जंगल में जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। तीन-चार दिन से आम के बागों में कर रहा नुकसान ग्रामीण गुलाब सिंह सहित अन्य लोगों ने बताया कि हाथी पिछले तीन-चार दिनों से लगातार आम के बागों में पहुंच रहा है। हाथी पेड़ों की टहनियां तोड़ने के साथ-साथ कई पेड़ों को नुकसान पहुंचा चुका है। ग्रामीणों के मुताबिक, अंबाला के एक वरिष्ठ अधिकारी के बाग में भी हाथी ने दो-तीन दिन के दौरान आम के कई पेड़ तोड़ दिए। इससे बाग मालिकों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। तेंदुए और अजगर के बाद अब हाथी ने बढ़ाई चिंता कलेसर जंगल से जंगली जानवरों के बाहर आने की घटनाएं लगातार सामने आने से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। क्षेत्र में पहले तेंदुए कई स्थानों पर दिखाई दे चुके हैं। इसके अलावा अजगर सांप भी अलग-अलग जगहों पर मिलने के मामले सामने आए हैं। अब हाथी के बार-बार आबादी के पास आने से लोगों को अपनी सुरक्षा की चिंता सताने लगी है। ग्रामीणों ने वन्यजीव विभाग से मांग की है कि हाथी की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए निगरानी बढ़ाई जाए। साथ ही आबादी की तरफ हाथी के दोबारा आने से रोकने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जंगली जानवरों के आबादी की तरफ आने का सिलसिला इसी तरह जारी रहा तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
Source link







