![]()
धनास पुलिस कॉलोनी में चंडीगढ़ पुलिस के जवानों और अफसरों के लिए 192 नए फ्लैट बनाए जाएंगे। इसके लिए प्रशासन के इंजीनियरिंग विभाग को 3 कंपनियों ने टेंडर दिए हैं। इस प्रोजेक्ट पर करीब 64 से 65 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है। फिलहाल विभाग इन कंपनियों के टेंडर की तकनीकी जांच कर रहा है। जांच में सही पाई जाने वाली कंपनियों को ही आगे कीमत वाला टेंडर भरने का मौका मिलेगा। अधिकारियों के मुताबिक, कंपनियों के बीच मुकाबला होने से फ्लैट बनाने का खर्च अनुमानित 65 करोड़ रुपए से कम हो सकता है। नए फ्लैटों के लिए जमीन पहले ही तय कर दी गई है। जरूरत पूछकर तैयार किया प्रोजेक्ट धनास पुलिस कॉलोनी में बनने वाले नए आवासीय परिसर की योजना तैयार करने से पहले इंजीनियरिंग विभाग ने चंडीगढ़ पुलिस के अधिकारियों से चर्चा की थी। पुलिसकर्मियों की आवास संबंधी जरूरतों को समझने के बाद योजना में उनकी आवश्यकताओं को शामिल किया गया। प्रोजेक्ट का डिजाइन और नक्शा भी तैयार किया जा चुका है। नए परिसर में टाइप-3 श्रेणी के तीन कमरों वाले फ्लैट बनाए जाएंगे। इन्हें मुख्य रूप से सहायक उप निरीक्षक और उनसे ऊपर के अधिकारियों को आवंटित किए जाने की संभावना है। इन फ्लैटों में मौजूदा सरकारी आवासों की तुलना में बेहतर सुविधाएं और आधुनिक आवासीय व्यवस्था उपलब्ध कराने की योजना है। पहले से 800 से 1000 फ्लैट धनास पुलिस कॉलोनी में पहले से ही अलग-अलग श्रेणियों के करीब 800 से 1000 फ्लैट हैं। पुलिस बल में आवास की जरूरत लगातार बढ़ रही है। ऐसे में 192 नए फ्लैट बनने से पुलिसकर्मियों के लिए सरकारी आवास की उपलब्धता बढ़ेगी। अधिकारियों का कहना है कि नए आवासीय परिसर से पुलिसकर्मियों को बेहतर रहने की सुविधा मिलेगी। कई पुलिसकर्मी अभी सरकारी आवास नहीं मिलने के कारण किराए के मकानों में रहते हैं या परिवार से दूर रहने को मजबूर होते हैं। घर के पास रहने से ड्यूटी में फायदा पुलिसकर्मियों को सरकारी आवास मिलने का फायदा सिर्फ उनके परिवारों तक सीमित नहीं रहेगा। ड्यूटी स्थल के नजदीक रहने से पुलिसकर्मियों का आने-जाने का समय कम होगा। आपात स्थिति में उन्हें जल्दी ड्यूटी पर बुलाया जा सकेगा। इससे पुलिस की आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्था भी मजबूत होने की उम्मीद है। बेहतर आवासीय सुविधाओं को पुलिसकर्मियों के कल्याण और मनोबल के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नए फ्लैटों में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है। ड्रग्स की सूचना देने के लिए हेल्पलाइन चंडीगढ़ पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई के लिए हेल्पलाइन शुरू की है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर उन्हें नशीले पदार्थों की तस्करी, बिक्री, रखने या इस्तेमाल से जुड़ी कोई जानकारी मिलती है तो वे हेल्पलाइन पर सूचना दे सकते हैं। पुलिस के मुताबिक, हेल्पलाइन पर मिलने वाली हर सूचना की जांच की जाएगी। जरूरत पड़ने पर इसे संबंधित थाने और पुलिस की विशेष टीम को भेजा जाएगा। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link







