मोहाली में पत्नी और ससुर से परेशान युवक आधी रात बीएसएनएल एक्सचेंज के टावर पर चढ़ गया। इसके बाद आत्महत्या की धमकी दी। उसने कहा कि उसने कुछ दिन पहले अपनी पत्नी को दूसरे युवक से चैट करते पकड़ा था, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। उसने आरोप लगाया कि पत्नी घर से बेटे और डेढ़ लाख रुपए लेकर चली गई है, जबकि ससुराल पक्ष उसकी कोई मदद नहीं कर रहा। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं। रातभर अधिकारी उसे समझाकर नीचे उतारने की कोशिश करते रहे, लेकिन सुबह तक वह टावर पर ही डटा रहा। युवक ने टावर पर बैठकर एक वीडियो बनाया। युवक की पहचान फतेहगढ़ साहिब निवासी 36 वर्षीय सोनी सिंह के रूप में हुई है, जो एसी रिपेयरिंग का काम करता है। अब पढ़िए युवक की जुबानी पूरा मामला… पत्नी और ससुर वालों से परेशान
टावर पर चढ़े सोनी की शादी खरड़ के गांव रोड़ा में 28 मई 2014 को हुई थी। उसके एक बेटा व एक बेटी है। सोनी सिंह ने बताया कि वह अपनी पत्नी और ससुर के व्यवहार से परेशान है। उसने आरोप लगाया कि न्याय न मिलने के कारण उसे यह कदम उठाना पड़ा। पत्नी को दूसरे युवक से चैट करते पकड़ा
सोनी ने कहा कि 5 जून की रात उसने अपनी पत्नी को गांव के एक युवक के साथ चैटिंग करते हुए पकड़ा था। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था। सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे उसकी पत्नी छोटे बेटे और घर में रखे लगभग डेढ़ लाख रुपए लेकर चली गई। जब वह पत्नी की तलाश में ससुराल पहुंचा, तो उसके ससुर ने बेटी के वहां न होने की बात कही। ससुराल पक्ष पर पत्नी को छिपाने का आरोप
सोनी सिंह ने कहा कि पहले भी कई बार ससुराल वाले उसकी पत्नी को अपने पास रख लेते थे और उसे इसकी जानकारी नहीं देते थे। इस बार भी पत्नी को जानबूझकर छिपाया गया है। युवक ने अपने बेटे को वापस दिलाने, डेढ़ लाख रुपए के मामले की जांच करने और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। पुलिस युवक को मनाने में लगी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने रातभर युवक को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास किया। थाना सिटी के एसएचओ भी लगातार युवक से संपर्क में रहे और उसे समझाने की कोशिश करते रहे। उसे सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिशें जारी रहीं।
Source link
