मोहाली के खरड़ क्षेत्र में शनिवार को हुई तेज बारिश के दौरान एक जोमैटो डिलीवरी बॉय अपनी मोटरसाइकिल समेत बरसाती नाले में गिर गया। युवक अमनदीप सिंह बाल-बाल बच गया, जबकि उसकी मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गई। अमनदीप के शोर मचाने पर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। कुछ लोग नाले में उतरे और रस्सी की मदद से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद मोटरसाइकिल को बाहर निकाला गया। मोटरसाइकिल बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई थी। स्थानीय लोगों ने बताया कि यह बरसाती नाला (चोई) वर्षों पुराना है और मूल रूप से बारिश के पानी की निकासी के लिए बनाया गया था। हालांकि, समय के साथ इसमें सीवरेज का पानी छोड़ा जाने लगा है। इसके अलावा, कई लोगों ने नाले पर अवैध कब्जे कर लिए हैं, जिससे पानी का बहाव बाधित हो गया है। यह नाला कई जगह से अवरुद्ध है और हल्की बारिश में भी पूरी तरह भर जाता है, जिससे पानी सड़क पर आ जाता है। सड़क पर पानी भरने के कारण वाहन चालक नाले का अंदाजा नहीं लगा पाते और दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं। लोगों के घरों में पहुंचता है पानी नाले का पानी आसपास की कॉलोनियों और घरों में घुसकर भारी नुकसान भी पहुंचाता है। निवासियों का कहना है कि वे लंबे समय से प्रशासन और संबंधित विभागों से इस चोई में बड़े पाइप डालकर जल निकासी व्यवस्था सुधारने तथा अवैध कब्जे हटाने की मांग करते आ रहे हैं। इसके लिए कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से भी गुहार लगाई जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बरसाती नाले को जल्द से जल्द ढककर उसकी सफाई कराई जाए, अवैध कब्जे हटाए जाएं और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इससे भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं और जान-माल के नुकसान से बचा जा सकेगा।
Source link
मोहाली में डिलीवरी बॉय नाले में गिरा:लोगों ने रस्सियों से रेस्क्यू कर बचाई जान, एक घंटे में निकली बाइक
