मोगा जिले के कस्बे धर्मकोट में एक कारोबारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव उसी की स्कॉर्पियो गाड़ी में खून से लथपथ मिला। कारोबारी के सिर में गोली लगी थी और उसकी लाइसेंसी रिवॉल्वर मौके पर ही पड़ी थी। पुलिस ने इस घटना को सुसाइड बताया है। हालांकि, कारोबारी के परिजन का कहना है कि उसकी हत्या की गई है। परिजन का कहना है कि उनके बेटे को कोई परेशानी नहीं थी। उसका कारोबार भी ठीक चल रहा था और घर में कोई दिक्कत नहीं थी। फिर वह सुसाइड क्यों करेगा? उनका कहना है कि बेटा गाड़ी की सर्विस कराने की कहकर गया था। जब वह लौटा नहीं तो उसके छोटे भाई ने जीपीएस सिस्टम से ट्रेस कर उसकी गाड़ी को खोजा। वहां गाड़ी में कारोबारी मृत मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वह हर एंगल से जांच कर रहे हैं। रेडीमेड कपड़ों का शोरूम चलाता था जानकारी के अनुसार, 29 वर्षीय गुरप्रीत सिंह उर्फ गैरी की मौत हुई है। वह धर्मकोट के ही रहने वाले थे और दो बच्चों के पिता थे। धर्मकोट में ही वह रेडीमेड कपड़ों का कारोबार करते थे। उनका गैरी कलेक्शन नाम से रेडीमेड कपड़ों का शोरूम है। परिजन के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब 12 बजे गुरप्रीत सिंह अपने छोटे भाई को गाड़ी की सर्विस (वाशिंग) करवाने की बात कहकर स्कॉर्पियो-एन गाड़ी लेकर घर से निकला था। जब वह काफी देर तक लौटा नहीं तो उसके परिजन को चिंता हुई। जीपीएस ट्रेक कर पहुंचा छोटा भाई इसके बाद छोटे भाई ने गाड़ी में लगे जीपीएस सिस्टम के जरिए उसकी लोकेशन ट्रेस की, जो जालंधर बायपास हाईवे पर गांव पंडोरी जाने वाले रास्ते पर मिली। मौके पर पहुंचे तो एक कर्मचारी ने देखा कि गुरप्रीत गाड़ी के अंदर मृत अवस्था में पड़ा था। गाड़ी की सीट और गियर वाली जगह में खून भरा हुआ था। वहीं, गाड़ी का शीशा भी टूटा हुआ था। इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया और कारोबारी के आत्महत्या करने की पुष्टि की। थाना प्रभारी बोले- लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली मारी थाना धर्मकोट के प्रभारी इंस्पेक्टर लक्ष्मण सिंह ने बताया कि मृतक ने अपनी .45 बोर की लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मारी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रिवॉल्वर बरामद की है। कारोबारी के वाहन को भी कब्जे में ले लिया है। उन्होंने कहा कि परिवार ने बताया है कि गुरप्रीत सिंह पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और परिजन के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। शव का पोस्टमॉर्टम करवाने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। डॉक्टर कह रहीं- पोस्टमॉर्टम के बाद ही पुष्टि होगी वहीं, सिविल अस्पताल में डॉक्टर जैस्मिन ने बताया है कि गुरप्रीत सिंह को अस्पताल में मृत लाया गया था। उनके सिर के दोनों तरफ चोट के निशान हैं। हालांकि, यह गोली लगने के कारण हुआ है, इसकी पुष्टि नहीं हुई है। यह पोस्टमॉर्टम के बाद ही क्लियर हो पाएगा।
Source link
